Home News

रबी फसलों के एमएसपी में 25 से 675 रुपए प्रति क्विंटल तक का इजाफा

30-Sep-2026 04:48 PM

रबी फसलों के एमएसपी में 25 से 675 रुपए प्रति क्विंटल तक का इजाफा

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने 2026-27 के रबी सीजन में उत्पादित होने वाली विभिन्न फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 25 रुपए से लेकर 675 रुपए प्रति क्विंटल तक का भारी इजाफा कर दिया है। एमएसपी में हुई यह वृद्धि 2027-28 के रबी मार्केटिंग सीजन में प्रभावी होगी। 

आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि 2025-26 की तुलना में 2026-27 के रबी सीजन हेतु गेहूं का एमएसपी 2585 रुपए प्रति क्विंटल से 25 रुपए बढ़ाकर 2610 रुपए प्रति क्विंटल, जौ का एमएसपी 2150 रुपए प्रति क्विंटल से 136 रुपए बढ़ाकर 2286 रुपए प्रति क्विंटल, चना  का एमएसपी 5875 रुपए प्रति क्विंटल से 83 रुपए बढ़ाकर 5958 रुपए प्रति क्विंटल, मसूर का एमएसपी 7000 रुपए प्रति क्विंटल से 390 रुपए बढ़ाकर 7390 रुपए प्रति क्विंटल,

सरसों- रेपसीड का एमएसपी 6200 रुपए प्रति क्विंटल से 413 रुपए बढ़ाकर 6613 रुपए प्रति क्विंटल तथा कुसुम (सैफ्लावर) का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6540 रुपए प्रति क्विंटल से 675 रुपए बढ़ाकर 7215 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की केन्द्रीय कैबिनेट समिति (सीसीईए) की सम्पन्न हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में इस बढ़ोत्तरी को मंजूरी दी गई। रबी फसलों की बिजाई का सीजन 1 अक्टूबर 2026 से औपचारिक तौर पर आरंभ हो जाएगा। इस बार मसूर और सरसों के एमएसपी में अच्छी बढ़ोत्तरी की गई है।