Home News
30-Sep-2026 05:49 PM
नई दिल्ली। कमजोर बिकवाली और दाल मिलों की बढ़ती खरीद के चलते चना बाजार में आज तेजी का रुख रहा। विभिन्न बाजारों में चना के भाव में 100 रुपये प्रति क्विंटल तक की तेजी दर्ज की गई। निचले भाव पर मिलों की खरीद बढ़ने के साथ बाजार में बिकवाली सीमित रहने से भाव को मजबूती मिली।
इसी बीच केंद्र सरकार ने रबी विपणन सीजन 2027-28 के लिए चना का MSP 83 रुपये बढ़ाकर 5,958 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इससे पिछला MSP 5,875 रुपये प्रति क्विंटल था।
नवंबर तक मांग बने रहने की उम्मीद
व्यापारियों के अनुसार चना में खपत का सीजन चल रहा है, जिसके चलते नवंबर तक मांग बनी रहने की उम्मीद है। अधिकांश दाल मिलों के पास चना का पुराना स्टॉक सीमित है, जबकि उत्पादक मंडियों में देसी चना की आवक भी अपेक्षित स्तर पर नहीं बन रही है।
इसके अलावा बंदरगाहों पर आयातित चना का स्टॉक भी सीमित बताया जा रहा है और तंजानिया से आयात फिलहाल सीमित मात्रा में हो रहा है। इन परिस्थितियों में बाजार में निचले भाव पर मिलों की खरीद और कमजोर बिकवाली का असर दिखाई दे रहा है।
हालांकि, आगे की तेजी काफी हद तक मांग, मंडियों की आवक और आयातित चना की उपलब्धता पर निर्भर करेगी। सीमित बिकवाली, मिलों की सक्रिय खरीद और खपत सीजन के कारण फिलहाल चना बाजार को मजबूती मिल रही है, जबकि बढ़े हुए MSP ने भी बाजार की धारणा को सहारा दिया है।