अमरीका चीन के व्यापार युद्ध से अर्जेन्टीना के सोयाबीन क्षेत्र को भारी फायदा

03-Oct-2025 08:40 PM

ब्यूनस आयर्स। अमरीका और चीन के बीच जारी व्यापार युद्ध से लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना को भारी फायदा हो रहा है। एक तरफ अमरीका ने अर्जेन्टीना के लिए 20 अरब डॉलर का एक बेल आउट पैकेज बढ़ा दिया है

तो दूसरी ओर चीन ने अपने मिलर्स एवं आयातकों को अमरीकी सोयाबीन की खरीद से दूर रहने का निर्देश दिया है इसके फलस्वरूप चीन के आयातक अब ब्राजील, अर्जेन्टीना एवं उरुग्वे जैसे लैटिन अमरीकी देशों से सोयाबीन की जोरदार खरीद कर रहे हैं।

अर्जेन्टीना से सोयाबीन का निर्यात तेजी से बढ़ने लगा है और वह चीन में अमरीका की कमी को पूरा करने का प्रयास कर रहा है। ध्यान देने की बात है कि चीन दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख आयातक देश है। 

चीन की बेरुखी एवं ट्रम्प प्रशासन की नाकामी से अमरीका से सोयाबीन उत्पादक न केवल निराश और हताश हैं बल्कि भारी गुस्से में भी है। स्वयं ट्रम्प प्रशासन आंतरिक रूप से विभाजित हो गया है।

कुछ अधिकारियों का कहना है कि चीन पर काफी  सख्त रुख अपनाया जाना चाहिए जबकि अन्य अधिकारी सुलह-सुझाव दे रहे हैं। चीन में अमरीकी सोयाबीन का आयात बंद होना बहुत बड़ी घटना है क्योंकि अमरीका परम्परागत रूप से चीन को ही सर्वाधिक सोयाबीन का निर्यात करता रहा है।

मई 2025 से ही चीन के आयातकों ने अमरीका से सोयाबीन खरीदना बंद कर दिया था। सितम्बर 2025 में अमरीका में इस सर्वाधिक महत्वपूर्ण तिलहन फसल की नई आवक शुरू हो गई। अब वहां इसका स्टॉक लगातार बढ़ता जा रहा है। मगर किसानों को अपना उत्पाद बेचने में भारी कठिनाई हो रही है।

इससे कीमतों में नरमी का माहौल बनने लगा है। अर्जेन्टीना के उत्पादक एवं निर्यातक इसका भारी फायदा उठा रहे हैं। 22 सितम्बर को जब अर्जेन्टीना सरकार ने सोयाबीन पर निर्यात शुल्क स्थगित किया था तब चीन ने विशाल मात्रा में इसकी खरीद की थी।