अमरीका में चना तथा मसूर के बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद
02-Apr-2025 05:46 PM
बोस्टन। संयुक्त राज्य अमरीका (यूएसए) में विभिन्न फसलों के बिजाई का सीजन औपचारिक तौर पर आरंभ हो गया है और जल्दी ही वहां बिजाई की रफ्तार बढ़ने की संभावना है।
अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने चालू वर्ष के दौरान चना का उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 5.61 लाख एकड़ पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो पिछले साल के बिजाई क्षेत्र से 12 प्रतिशत अधिक है।
इसके तहत उस्डा ने वर्ष 2025 में 1.25 लाख एकड़ में देसी चना एवं 4.36 लाख एकड़ में काबुली चना की बिजाई होने की संभावना व्यक्त की है।
अमरीका में छोटी किस्म या देसी चना की खेती मुख्यत: कैलिफोर्निया, इडाहो, मोन्टाना, उत्तरी डकोटा एवं वाशिंगटन जैसे प्रांतों में होती है और उपरोक्त प्रान्त में काबुली चना के उत्पादन में भी अग्रणी है।
जहां तक मसूर का सवाल है तो इसका उत्पादन क्षेत्र भी पिछले साल के मुकाबले इस बार 18 प्रतिशत बढ़कर 11 लाख एकड़ पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है।
गत वर्ष की तुलना में इस बार अमरीका के सभी प्रमुख उत्पादक राज्यों में मसूर के बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी होने की संभावना व्यक्त की गई है जबकि मोन्टाना प्रान्त में क्षेत्रफल बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के आसार हैं।
उस्डा की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 की तुलना में 2025 के दौरान अमरीका में मसूर का उत्पादन क्षेत्र मोन्टाना में 7.20 लाख एकड़ से बढ़कर 8.20 लाख एकड़,
उत्तरी डकोटा में 1.65 लाख एकड़ से बढ़कर 2.25 लाख एकड़ तथा वाशिंगटन प्रान्त में 51 हजार एकड़ से सुधरकर 55 हजार एकड़ पर पहुंचने का अनुमान है जबकि राष्ट्रीय स्तर पर मसूर का कुल रकबा 9.36 लाख एकड़ से बढ़कर 11.00 लाख एकड़ पर पहुंच सकता है।
इससे पूर्व वहां वर्ष 2023 में 5.45 लाख एकड़ भूमि में मसूर की खेती हुई थी। इन आंकड़ों से पता चलता है कि अमरीका में मसूर का बिजाई क्षेत्र लगातार बढ़ता जा रहा है और तदनुरूप वहां इस महत्वपूर्ण दलहन के उत्पादन में भी इजाफा हो रहा है।
