अमरीका में मटर का बिजाई क्षेत्र 8 प्रतिशत घटने की संभावना
02-Apr-2025 01:34 PM
नई दिल्ली। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने किसानों के बिजाई इरादे की अपनी रिपोर्ट में चालू वर्ष के दौरान अमरीका में मटर का उत्पादन क्षेत्र घटकर 8.95 लाख एकड़ पर सिमटने का अनुमान लगाया है जो पिछले साल के बिजाई क्षेत्र से 8 प्रतिशत कम है।
रिपोर्ट के मुताबिक गत वर्ष के मुकाबले इस बार मटर का क्षेत्रफल मोन्टाना, नेब्रास्का तथा उत्तरी डकोटा प्रान्त में घटने की संभावना है।
नेब्रास्का प्रान्त में मटर का रकबा घटकर हाल के वर्षों में सबसे निचले स्तर पर सिमट जाने की आशंका है क्योंकि वहां किसानों का रुझान अन्य फसलों की तरफ बढ़ गया है।
उस्डा की रिपोर्ट के मुताबिक अमरीका में सूखी खाद्य बीन्स की बिजाई भी कम क्षेत्रफल में होने की उम्मीद है। उस्डा के कवर क्षेत्र में आने वाले राज्यों में इसका कुल रकबा गत वर्ष के मुकाबले 4 प्रतिशत गिरकर 14.70 लाख एकड़ रह जाने का अनुमान है
लेकिन रिपोर्ट में कवरिंग क्षेत्र से बाहर के राज्यों को भी शामिल करने पर इसका कुल उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 16.58 लाख एकड़ से गिरकर इस बार 15.73 लाख एकड़ पर सिमटने की संभावना है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मिनीसोटा प्रान्त में सूखी बीन्स का उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 3.20 लाख एकड़ के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के आसार हैं लेकिन उत्तरी डकोटा प्रान्त में यह क्षेत्रफल 7.30 लाख एकड़ से घटकर 6.30 लाख एकड़ पर अटक जाने की संभावना है।
दूसरी ओर अमरीका में चना (मुख्यत: काबुली) का उत्पादन क्षेत्र 12 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5.61 लाख एकड़ तथा मसूर का बिजाई क्षेत्र 18 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 11 लाख एकड़ पर पहुंचने के आसार हैं।
उस्डा को उम्मीद है कि भारतीय बाजार में मसूर का निर्यात बढ़ाने में अच्छी सफलता मिल सकती है। भारत इस पर आयात शुल्क में कटौती कर सकता है। वैसे भी भारत सरकार ने मसूर के आयात पर केवल 11 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा रखा है।
