अमरीका ने भारतीय उत्पादों पर 26 प्रतिशत का आयात शुल्क लगाया
03-Apr-2025 05:47 PM
नई दिल्ली। अमरीका ने भारतीय उत्पादों पर 26 प्रतिशत की दर से आयात शुल्क लगाने की घोषणा की है जिससे उसके बाजार में भारत से निर्यात आंशिक रूप से प्रभावित होने की आशंका है।
ध्यान देने की बात है कि अमरीका में पाकिस्तानी उत्पादों पर 29 प्रतिशत और चाइनीज उत्पादों पर 34 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगाया गया है जिसके मुकाबले भारत पर शुल्क की दर कुछ कम है। कनाडा तथा मैक्सिको पर 25-25 प्रतिशत का आयात शुल्क लगाने का निर्णय लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि अभी तक अमरीका में अनेक भारतीय उत्पादों के आयात पर कोई सीमा शुल्क नहीं लगता था जबकि कुछ अन्य उत्पादों पर 3 से 5 प्रतिशत का शुल्क लागू था।
इससे वहां भारत से अनेक उत्पादों का शानदार निर्यात हो रहा था। अब इसमें कुछ बाधा पड़ सकती है और निर्यातकों को चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
दरअसल भारत से मसालों एवं काजू का निर्यात अमरीका की बड़े पैमाने पर होता रहा है। काजू में वियतनाम पहले ही अमरीकी बाजार में भारत से काफी आगे निकल चुका है।
विदेश व्यापार बाधाओं पर जारी अपनी नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट में अमरीकी व्यापार प्रतिनिधि ने कहा है कि भारत में अनेक वस्तुओं पर ऊंचे स्तर का आयात शुल्क लगा हुआ है।
इसके तहत वनास्पति तेल पर 45 प्रतिशत, सेब, मक्का एवं मोटर साईकिल पर 50-50 प्रतिशत, ऑटोमोबाइल्स एवं कपड़ों पर 60 प्रतिशत, प्राकृतिक रबड़ पर 70 प्रतिशत, कॉफी, मुनक्का एवं अखरोट पर 100 प्रतिशत तथा अल्कोहल युक्त पेय पदार्थो पर 150 प्रतिशत का शुल्क शामिल हैं।
ऊंची दर के सीमा शुल्क की वजह से कई अन्य कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों का निर्यात प्रभावित होने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है।
इसमें पॉल्ट्री उत्पाद, आलू, खट्टे फसल, बादाम, सेब, अंगूर, पैकॉन, डिब्बाबंद आडू (पीच), चॉकलेट, कूकीज, फ्रोजेन फ्रेंच फ्राई तथा अन्य तैयार खाद्य उत्पाद सम्मिलित हैं
जिसका उपयोग फास्ट फूड रेस्टोरेंट में होता है। अमरीका ने भारत पर अन्य देशों की तुलना में कोई ज्यादा टैक्स नहीं लगाया है लेकिन फिर भी भारत से अमरीका को होने वाले निर्यात पर कुछ असर तो अवश्य ही पड़ेगा।
