अर्जेन्टीना में कृषि उत्पादों पर निर्यात शुल्क में स्थायी कटौती
10-Dec-2025 10:57 AM
ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना के आर्थिक विकास मंत्री ने अनेक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादों पर निर्यात शुल्क में स्थायी कटौती की घोषणा की है
जिसमें सोयाबीन, गेहूं एवं मक्का तथा अन्य मामले और इससे निर्मित उत्पाद आदि शामिल है। निर्यात शुल्क में कटौती मुख्य उद्देश्य इन उत्पादों की बिक्री अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बढ़ाना तथा इसके निर्यात ऑफर मूल्य को प्रतिस्पर्धी बनाना है।
आर्थिक विकास मंत्री के अनुसार प्रमुख कृषि जिंसों एवं उससे निर्मित उत्पादों (डेरिवेटिव्स) पर निर्यात शुल्क में 1 से 2 प्रतिशत के बिंदु की कटौती की जाएगी जिससे निर्यातकों को इसका शिपमेंट बढ़ाने में सहायता मिलेगी। निर्यात में वृद्धि होने पर देश में बहुमूल्य विदेशी मुद्रा की आपूर्ति का प्रवाह बढ़ जाएगा।
दरअसल अर्जेन्टीना की सरकार को डॉलर की सख्त आवश्यकता है ताकि उसे विदेशी कर्ज का भुगतान करने में सफलता मिल सके। अगले वर्ष जनवरी में इसका भुगतान होना है।
टैक्स में कटौती और किसानों के लाभांश (प्रॉफिट मार्जिन) में बढ़ोत्तरी होने से निर्यात बढ़ाने में सहायता मिलेगी। इससे डॉलर की आमदनी बढ़ जाएगी।
आर्थिक विकास मंत्री के अनुसार सोयाबीन पर निर्यात शुल्क को 26 प्रतिशत से घटाकर 24 प्रतिशत, सोयाबीन उत्पादों पर निर्यात शुल्क को 24.5 प्रतिशत से घटाकर 22.5 प्रतिशत, गेहूं एवं जौ पर 9.5 प्रतिशत से घटाकर 7.5 प्रतिशत तथा मक्का एवं ज्वार पर निर्यात शुल्क को 9.5 प्रतिशत से घटाकर 8.5 प्रतिशत नियत किया जाएगा।
इसके अलावा सूरजमुखी एवं इसके तेल पर निर्यात शुल्क को 5.5 प्रतिशत से घटाकर 4.5 प्रतिशत निर्धारित करने का निर्णय लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि अभी उपरोक्त कृषि उत्पादों के निर्यात शुल्क में कटौती का सैद्धांतिक निर्णय लिया गया है और यह लागू नहीं हुआ है।
जब सरकारी राजपत्र (गजट) में इसका प्रकाशन होगा तभी यह प्रभावी हो सकेगा। सरकारी गजट जल्दी ही प्रकाशित होने की उम्मीद है ताकि शुल्क कटौती का अधिकतम लाभ उठाया जा सके।
