अर्जेन्टीना में सोयाबीन एवं सोया तेल पर निर्यात शुल्क में कटौती

11-Dec-2025 11:39 AM

ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में सरकार ने सोयाबीन एवं इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों (सोया तेल एवं सोया मील) पर लागू निर्यात शुल्क की दर में 2 प्रतिशत बिंदु की कटौती कर दी है ताकि इसके शिपमेंट में बढ़ोत्तरी हो, निर्यात ऑफर मूल्य प्रतिस्पर्धी स्तर पर आ सके ओर देश में बहुमूल्य विदेशी मुद्रा (डॉलर) की आमदनी बढ़ सके। अर्जेन्टीना के आर्थिक विकास मंत्री का कहना है कि यह शुल्क कटौती स्थायी है। 

उल्लेखनीय है कि अर्जेन्टीना संसार में ब्राजील और अमरीका के बाद सोयाबीन का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल एवं सोया मील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है।

भारत में सोयाबीन तेल का सर्वाधिक आयात अर्जेन्टीना से ही किया जाता है। इसके अलावा वहां से भारी मात्रा में सूरजमुखी तेल भी मंगाया जाता है। 

अर्जेन्टीना के आर्थिक विकास मंत्री के अनुसार सरकार ने सोयाबीन पर निर्यात शुल्क को 26 प्रतिशत से घटाकर 24 प्रतिशत तथा सोया तेल एवं सोया मील पर निर्यात शुल्क को 24.50 प्रतिशत से घटाकर 22.50 प्रतिशत नियत करने का निर्णय लिया है। इस तरह निर्यात शुल्क में 2 प्रतिशत बिंदु की कटौती की गई है।

इसके साथ-साथ सूरजमुखी सीड एवं सूरजमुखी तेल पर लागू 5.50 प्रतिशत के निर्यात शुल्क को घटाकर 4.50 प्रतिशत निर्धारित करने का फैसला किया है। सरकारी राजपत्र (गजट) में अधिसूचना प्रकाशित होने के बाद यह शुल्क कटौती प्रभावी हो जाएगी। 

अर्जेन्टीना में सोयाबीन फसल की बिजाई पहले ही आरंभ हो चुकी है और अब लगभग 60 प्रतिशत चिन्हित क्षेत्र में बिजाई की प्रक्रिया पूरी होने की सूचना मिल रही है।

बाजार भाव सामान्य एवं मौसम अनुकूल होने से वहां इस बार सोयाबीन की बेहतर बिजाई होने की उम्मीद की जा रही है। निर्यात शुल्क में हुई कटौती से भी किसानों को सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र बढ़ाने का कुछ प्रोत्साहन मिल सकता है।