अर्जेन्टीना में सोयाबीन का उत्पादन अनुमान 480 लाख टन पर बरकरार

20-Mar-2025 04:10 PM

ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना के अधिकांश भाग में पिछले सप्ताह मौसम शुष्क एवं गर्म रहा और चालू सप्ताह के दौरान भी बारिश कम होने तथा तापमान ऊंचा रहने के संकेत मिल रहे हैं। अगले 6 से 10 दिनों के अंदर देश के पश्चिमी एवं पश्चिमोत्तर भाग में वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। 

ब्यूनस आयर्स ग्रेन एक्सचेंज ने 2024-25 के वर्तमान सीजन के दौरान अर्जेन्टीना में 496 लाख टन तथा रोजारिया एक्सचेंज ने 445 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया है जबकि अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने अपनी मार्च रिपोर्ट में वहां 490 लाख टन के उत्पादन की संभावना व्यक्त की है।

लेकिन फसल की मौजूदा हालत को देखते हुए उद्योग-व्यापार क्षेत्र के विश्लेषकों का मानना है कि अर्जेन्टीना में सोयाबीन का वास्तविक उत्पादन 480 लाख टन से ज्यादा नहीं होगा।

पिछले चार सप्ताहों के दौरान फसल की स्थिति में कुछ सुधार आया है इसलिए उत्पादन का अनुमान स्थिर बना हुआ है। 

अर्जेन्टीना में ब्राजील के मुकाबले सोयाबीन की बिजाई एवं कटाई देर से शुरू होती है। फसल वहां अभी प्रगति के विभिन्न दौर से गुजर रही है। 61 प्रतिशत फसल में फूल एवं दाने लग रहे हैं जबकि 12 प्रतिशत फसल परिपक्व हो गई है।

अगैती बिजाई वाली फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो चुकी है और अगले महीने से उसकी रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है। देश के उत्तरी उत्पादक इलाकों में भारी गर्मी एवं नमी की कमी से सोयाबीन फसल की प्रगति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है जबकि मध्यवर्ती क्षेत्र में कहीं-कहीं जोरदार बारिश से खेतों में पानी भर गया है।

फरवरी तथा मार्च के शुरुआती दिनों में हुई वर्षा से सोयाबीन की फसल को राहत मिली थी और फूल तथा दाना लगने में आसानी हुई थी। 

अर्जेन्टीना में सोयाबीन की 26 प्रतिशत फसल को काफी कमजोर या खराब स्थिति में आंका गया है जबकि 42 प्रतिशत फसल की हालत सामान्य तथा शेष 32 प्रतिशत की दशा उत्साहवर्धक बताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि अर्जेन्टीना संसार में सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल एवं सोयामील के निर्माण में प्रथम स्थान पर रहता है।