बड़ी इलायची में गिरावट : अभी तेजी नहीं
03-Oct-2025 07:04 PM
नई दिल्ली। उत्पादक केन्द्रों पर नए मालों की बढ़ती आवक एवं हाजिर में कमजोर मांग के चलते विगत कुछ समय से बड़ी इलायची की कीमतों में मंदे का दौर चल रहा है। सूत्रों का मानना है कि अभी हाल-फिलहाल कीमतों में तेजी की संभावना नहीं है क्योंकि देश में ही नहीं अपितू नेपाल में भी इस वर्ष बड़ी इलायची की पैदावार गत वर्ष की तुलना में अधिक होने के समाचार मिल रहे हैं। साथ ही उत्पादक केन्द्रों पर नए मालों की आवक भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। उल्लेखनीय है कि देश में बड़ी इलायची का उत्पादन सिक्किम, पश्चिमी बंगाल, अरुणाचल प्रदेश में होता है। इसके अलावा नेपाल में भी बड़ी इलायची का उत्पादन होता है। नेपाल में खपत कम होने के कारण अधिकांश माल का आयात भारत में होता है।
कीमतों में गिरावट
वर्तमान में बड़ी इलायची की कीमतों में मंदा बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि गत दिनों नेपाल में राजनैतिक हालात ठीक न होने के कारण भारतीय बाजारों में सट्टेबाजी बढ़ गई थी और अल्पकाल के दौरान भाव 40/50 रुपए की तेजी बन गई थी लेकिन नेपाल में हालात सामान्य होने के पश्चात कीमतों में गिरावट का दौर चालू हो गया। अभी भी बाजार नरमी के साथ बोले जा रहे हैं। सूत्रों का मानना है कि त्यौहारी सीजन समाप्त हो जाने के पश्चात विवाह शादी का सीजन शुरू हो जाएगा। उस समय बड़ी इलायची में लिवाली बढ़ेगी। जिस कारण से भाव और भी मजबूती के साथ बोले जाएंगे। वर्तमान में दिल्ली बाजार में बड़ी इलायची मीडियम के भाव 1450/1460 रुपए प्रति किलो बोले जा रहे हैं। जोकि सितम्बर माह के शुरू में भाव 1500/1510 रुपए बोले जा रहे थे। वर्तमान हालात को देखते हुए अभी हाल-फिलहाल कीमतों में तेजी की संभावना नहीं है। अभी भाव और घट सकते हैं।
आयात
देश ही नहीं अपितू विदेशों में भी गत दो वर्षों से पैदावार घटने के कारण बड़ी इलायची की कीमतों में तेजी रही। ऊंचे भावों पर आयात भी प्रभावित हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2022-23 में बड़ी इलायची का आयात 9403 टन का रहा और आयातित माल पर 488.40 करोड़ रुपए की आय खर्च की गई। जबकि वर्ष 2023-24 में आयात 6534 टन का किया गया और आयात पर 518.18 करोड़ रुपए खर्च किए गए। वर्ष 2024-25 में आयात घटकर 4957 टन पर आ गया और आयात पर 578.92 करोड़ रुपए खर्च किए गए।
निर्यात
चालू वित्त वर्ष 2025-26 के प्रथम चालू माह के दौरान बड़ी इलायची का निर्यात मात्रात्मक रूप से 13 प्रतिशत अधिक हुआ है। जबकि आय में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-जुलाई- 2025 के दौरान बड़ी इलायची का निर्यात 433 टन का किया गया और प्राप्त आय 73.61 करोड़ रुपए की रही। जबकि अप्रैल-जुलाई - 2024 के दौरान 383 टन का निर्यात किया गया था और निर्यात से प्राप्त आय 60.49 करोड़ रुपए की रही थी। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024-25 के दौरान बड़ी इलायची का कुल निर्यात 1368.34 टन का हुआ था और निर्यात से प्राप्त आय 229.44 करोड़ रुपए की रही। जबकि वर्ष 2023-24 के दौरान बड़ी इलायची का निर्यात 1280.82 टन का रहा था और प्राप्त आय 148.15 करोड़ की रही थी।
