बांग्ला देश की जोरदार मांग से सेला चावल के दाम में भारी उछाल

22-Feb-2025 01:36 PM

कोलकाता। बांग्ला देश के आयातक भारतीय सेला- चावल की खरीद में जोरदार दिलचस्पी दिखा रहे हैं जिससे इसकी कीमतों में भारी बढ़ोत्तरी के संकेत मिल रहे हैं।

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार पिछले कुछ सप्ताहों के अंदर भारतीय सेला चावल की कीमतों में 10 रुपए प्रति किलो तक का उछाल आ गया है जबकि आगे इसमें कुछ और वृद्धि हो सकती है। बांग्ला देश में भारत से सरकारी स्तर पर भी चावल मंगाया जा रहा है।

इस बार भी वहां 3 से 5 लाख टन चावल मंगाए जाने की संभावना है जबकि प्राइवेट व्यापारियों की खरीद उससे अलग है।

ये व्यापारी प्रति माह लगभग 50 हजार टन सेला चावल के लिए आर्डर दे रहे हैं क्योंकि बांग्ला देश के घरेलू प्रभाग में चावल का भाव ऊंचा एवं तेज चल रहा है। 

एक निर्यातक फर्म के अनुसार फाइन वैरायटी के चावल का दाम 10 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ चुका है जबकि सामान्य श्रेणी के चावल की कीमतों में इससे कुछ इजाफा हुआ है।

पिछले एक माह के दौरान मिनीपेट चावल का भाव 43 रुपए से  उछलकर 53 रुपए प्रति किलो के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर बढ़ रहा है। यदि बांग्ला देश की मांग बरकरार रही तो इसका मूल्य कुछ और ऊपर जा सकता है। 

कुछ भारतीय फर्मों ने बांग्ला देश को फाइन किस्म के चावल का निर्यात आरंभ कर दिया है। एक जानकार का कहना है कि बांग्ला देश में चावल की भारी कमी है।

वैश्विक बाजार मूल्य में जोरदार उछाल न आ जाए। इसके लिए वहां उत्पादन में वास्तविकता से कम गिरावट आने का अनुमान व्यक्त किया गया।

वैसे भी बांग्ला देश में रमजान के लिए अच्छी क्वालिटी के चावल का स्टॉक बढ़ाने की जरूरत है। सरकार ने भी आयातकों को चावल मंगाने की पूरी छूट दे रखी है।