भारतीय जहाजों के सुरक्षित मार्ग के लिए ईरान सहित अन्य देशों से वार्ता

21-Apr-2026 01:41 PM

नई दिल्ली। भारत सरकार समंदर में भारतीय जहाजों को सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के लिए ईरान सहित अन्य सम्बद्ध देशों के साथ सम्पर्क में है और तमाम विकल्पों के लिए बातचीत कर रही है।

पिछले दिनों होर्मुज स्ट्रेट के पास दो भारतीय व्यापारिक जहाजों पर ईरान द्वारा गोलीबारी की गई थी जिससे चिंतित होकर सरकार ने नई दिल्ली स्थित ईरानी राजदूत को बुलाकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। राजदूत ने आश्वासन दिया था कि वे भारत की चिंता से ईरान की सरकार को अवगत करवा देंगे। 

होर्मुज स्ट्रेट के आसपास के क्षेत्रों में अमरीकी नौसेना ने घेराबंदी कर रखी है और इसलिए वहां भी जहाजों को खतरा है। वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ईरान के हवाई अड्डों को कार्गो तथा कमर्शियल प्वाइंट्स के लिए आंशिक रूप से खोल दिया गया है। 

अभी तक अमरीका-ईरान के बीच युद्ध विराम लागू है लेकिन शीघ्र ही इसकी समय सीमा समाप्त होने वाली है। शांतिवार्ता का प्रयास विफल हो चुका है। ऐसी हालत में अगर दोनों देशों के बीच लड़ाई दोबारा शुरू होती है तो पश्चिम एशिया में संकट काफी गंभीर हो जाएगा।

भारत सरकार विकल्प के तौर पर जहाजों के सुरक्षित यातायात के लिए फारस की खाड़ी के आसपास अवस्थित देशों से भी विचार-विमर्श कर रही है ताकि होर्मुज स्ट्रेट के जरिए कोई सुरक्षित मार्ग हासिल हो जाए। फारस की खाड़ी में भारत के अनेक जहाज फंसे हुए हैं जिसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ईरान से बातचीत हो रही है। ईरान के साथ भी भारत के अच्छे सम्बन्ध हैं।