बांग्ला देश द्वारा 50 हजार टन चावल की खरीद हेतु नया टेंडर जारी

18-Dec-2024 10:41 AM

चटगांव ।  बांग्ला देश की सरकारी अनाज खरीद एजेंसी द्वारा 50 हजार टन चावल के आयात के लिए एक अंतर्राष्ट्रीय टेंडर जारी किया गया है जिसमें मूल्य ऑफर जमा करने की अंतिम तिथि 1 जनवरी 2025 नियत की गई है।

व्यापार विश्लेषक के अनुसार अगस्त तथा अक्टूबर के दौरान बांग्ला देश में अत्यन्त मूसलाधार वर्षा एवं भयंकर बाढ़ के प्रकोप से धान की फसल को भारी क्षति हुई थी और लगभग 11 लाख टन चावल के समतुल्य धान की फसल बर्बाद हो गई थी।

स्वयं बांग्ला देश के कृषि मंत्रालय ने इस वास्तविकता को स्वीकार किया है। इसके फलस्वरूप वहां विदेशों से भारी मात्रा में चावल के आयात की आवश्यकता महसूस हो रही है ताकि बढ़ती कीमतों को नियंत्रित किया जा सके।  

नए अंतर्राष्ट्रीय टेंडर में गैर बासमती सेला चावल के लिए सीआईएफ लाइनर आउट टर्म में मूल्य ऑफर आमंत्रित किया गया है जिसमें बांग्ला देश के चटगांव तथा मोंगला बंदरगाहों तक माल के शिपमेंट तथा वहां जहाजों से चावल को उतारने तक का खर्च शामिल होना चाहिए।

इस चावल का आयात संसार के किसी भी देश से किया जा सकता और सकल निविदाकार के साथ अनुबंध होने के बाद 40 दिनों के अंदर इसकी खेप बांग्ला देश पहुंच जानी चाहिए।

पिछले टेंडर में भारतीय निर्यातकों को सफलता मिली थी मगर अब दोनों देशों के बीच सम्बद्ध काफी खराब होते जा रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं कि भारत से चावल मंगाना बांग्ला देश को सस्ता पड़ता है और इसके शिपमेंट में भी देर नहीं होती है क्योंकि भारत में विशाल मात्रा में चावल का निर्यात योग्य हाजिर स्टॉक मौजूद है

मगर कट्टरपंथियों की गिरफ्त में फंसे बांग्ला देश की सरकार अब पाकिस्तान या चीन से भी चावल मंगाने का प्रयास कर सकती है भले ही वह आर्थिक दृष्टि से नुकसान दायक हो। वैसे फिलहाल इसकी संभावना कम है।