कुछ जिलों में गेहूं की 15 से 25 प्रतिशत तक फसल को नुकसान

10-Apr-2026 07:49 PM

नई दिल्ली। बेमौसमी वर्षा, आंधी-तूफान एवं ओलावृष्टि आदि के प्रकोप से देश के विभिन्न राज्यों में गेहूं की फसल को वास्तविक रूप से कितना नुकसान हुआ है इसका पता तो सरकारी सर्वेक्षण के बाद ही चल सकेगा लेकिन उससे पहले उद्योग- व्यापार क्षेत्र ने जो मोटा आंकलन किया है उससे ज्ञात होता है कि कुछ जिलों में गेहूं की 15 से 25 प्रतिशत तथा कुछ अन्य जिलों में 5 से 15 प्रतिशत तक फसल क्षतिग्रस्त हो गई है। 

जिन सर्वाधिक प्रभावित जिलों में 15-25 प्रतिशत फसल को नुकसान हुआ है उसमें पंजाब का अमृतसर होशियारपुर एवं रोपड़ (रूप नगर), हरियाणा का रेवाड़ी, उत्तर प्रदेश का हमीरपुर, बिहार का बेगूसराय तथा पश्चिम बंगाल का दक्षिणी दिनाजपुर जिला शामिल है। इसके अलावा कुछ अन्य जिलों में भी फसल 10-15 प्रतिशत क्षतिग्रस्त हुई है।

देश के 8 राज्यों के 51 जिलों में 3 से 5 प्रतिशत के बीच गेहूं की फसल प्रभावित होने की सूचना मिल रही है। यह क्षति खासकर उन क्षेत्रों में हुई जहां आंधी-वर्षा का प्रकोप ज्यादा था।

राजस्थान के बीकानेर जिले में गेहूं का उत्पादन 3 से 5 प्रतिशत तक घटने की संभावना व्यक्त की जा रही है जबकि 2 अप्रैल को आई जबरदस्त आंधी से वहां फसल को भारी नुकसान हुआ था। 

केन्द्र सरकार ने इस वर्ष 303.36 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है लेकिन खराब मौसम एवं गन्नी बोरियों (बारदाने) के अभाव के साथ कुछ अन्य समस्याओं के कारण खरीद की गति अभी तक काफी धीमी चल रही है। राजस्थान में गेहूं की क्वालिटी संबंधी शर्तों में काफी रियायत दी गई है जबकि अन्य प्रभावित राज्यों के लिए इसी तरह की घोषणा होने की उम्मीद है।