बांग्लादेश सरकार द्वारा 50 हजार टन चावल के आयात का टेंडर जारी

02-Dec-2025 12:26 PM

ढाका। बांग्ला देश के खाद्य महानिदेशालय ने 50 हजार टन गैर बासमती सेला चावल के आयात हेतु एक अंतर्राष्ट्रीय टेंडर जारी करते हुए सक्षम आपूर्तिकर्ताओं से शील कवर में निविदा आमंत्रित की है।

चावल की इस मात्रा में 5 प्रतिशत की कमी / वृद्धि हो सकती है। 30 नवम्बर 2025 को जारी इस टेंडर के तहत निविदा। जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसम्बर 2025 के अपराह्न 1 बजे तक नियत की गई है और प्राप्त निविदाओं को उसी दिन अपराह्न 2 बजे खोला जाएगा। 1 दिसम्बर से निविदा प्रपत्रों की बिक्री आरंभ हो चुकी है। 

टेंडर की शर्तों के अनुसार सफल निविदाकारों को इस 50 हजार टन गैर बासमती सेला चावल के 60 प्रतिशत भाग का शिपमेंट चटगांव बंदरगाह पर तथा शेष 40 प्रतिशत चावल का शिपमेंट मोंगला बंदरगाह पर करना होगा। यह डिलीवरी सीआईएफ लाइनर आउट आधार पर की जाएगी

जिसमें चावल का मूल्य, परिवहन खर्च तथा बीमा व्यय भी शामिल होंगे। समस्त खर्चों को जोड़कर एकल रूप में चावल के मूल्य का उद्वरण अमरीकी डॉलर में किया जाएगा।

निविदा दस्तावेज का मूल्य 5000 टका या 100 अमरीकी डॉलर नियत किया गया है जिसे वापस नहीं लौटाया जाएगा। लेटर ऑफ क्रेडिट (एलसी) के माध्यम से चावल के मूल्य का भुगतान किया जाएगा। शिपमेंट वाला चावल 2025 में या नवीनतम उत्पादित वाला होना चाहिए। ऑफर की वैधता 29 दिसम्बर 2025 तक रहेगी। 

टेंडर में चावल की क्वालिटी के लिए भी कुछ नियमों शर्तों का निर्धारण किया गया है। टेंडर में यह भी कहा गया है कि यह 50 हजार टन और बासमती सेला चावल केवल इजरायल को छोड़कर अन्य किसी भी देश का हो सकता है।

टेंडर सिक्योरिटी अमाउंट के तौर पर 3 लाख डॉलर का बैंक ड्राफ्ट / पे आर्डर खाद्य महानिदेशालय के पक्ष में जमा किया जाएगा। एलसी खुलने का बाद 40 दिन के अंदर चावल की पूरी मात्रा और आरम्भिक 25 दिन के भीतर कम से कम 50 प्रतिशत मात्रा का शिपमेंट होना आवश्यक है।