बिहार एवं उत्तर प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं से रबी फसलों को भारी नुकसान
11-Apr-2025 01:09 PM
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश तथा बिहार में भयंकर आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश होने तथा कई इलाकों में ओला गिरने से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है और रबी फसलों को भी काफी क्षति होने की आशंका है। वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में खेतों में पानी भर गया है और आंधी- तूफान के कारण फसलें जमीन पर गिर गई है।
वहां तापमान काफी घट गया है। जहां ओलावृष्टि हुई वहां फसलों को ज्यादा नुकसान हुआ है। शुरूआती आंकलन के अनुसार इन प्राकृतिक आपदाओं के प्रकोप से अकेले उत्तर प्रदेश में 22 लोगों एवं 28 पशुओं की मौत हो गई। उधर बिहार में भी भारी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका है।
उत्तर प्रदेश में प्रभावित क्षेत्रों में क्षति का आंकलन करने के लिए अधिकारियों को तुरंत सर्वेक्षण अभियान शुरू करने का निर्देश किया गया है। अधिकारियों ने सर्वेक्षण शुरू भी कर दिया है।
उसकी रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों, एसडीएम तथा तहसीलदारों को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और विस्तृत सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है
और 24 घंटे के अंदर सम्बद्ध विभागों के पास रिपोर्ट भेजने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मुआवजे की प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 9 अप्रैल की रात को उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में मौसम अचानक खराब हो गया और आंधी-तूफान तथा वर्षा-ओलावृष्टि का प्रकोप शुरू हो गया। सर्वेक्षण के बाद बीमा कंपनियों के साथ मिलकर राजस्व विभाग द्वारा किसानों को फसल क्षति का मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
राहत विभाग ने भी उग्र मौसम को देखते हुए अलर्ट जारी किया है और आम लोगों को घर के अंदर ही रहने के लिए कहा है।
राहत आयुक्त ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारियों को सर्वेक्षण रिपोर्ट यथाशीघ्र उसके पोर्टल पर अपलोड करने के लिए कहा है। जिन किसानों की 33 प्रतिशत से अधिक फसल क्षतिग्रस्त हुई है उन्हें मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
उधर बिहार के अनेक जिलों में जोरदार बारिश एवं भयंकर आंधी से रबी फसलों और खासकर गेहूं तथा मसूर की फसल को काफी नुकसान होने की खबर है। सरसों की फसल भी क्षति ग्रस्त हुई है।
