भारत में सोयाबीन का उत्पादन 105 लाख टन होने का उस्डा का अनुमान
06-Apr-2026 05:00 PM
नई दिल्ली। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने भारत में सोयाबीन का उत्पादन 2024-25 सीजन के 125.80 लाख टन से करीब 21 लाख टन घट कर 2025-26 के सीजन में 105 लाख टन पर अटक जाने की संभावना व्यक्त की है जो एक अग्रणी भारतीय संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) द्वारा लगाए गए अनुमान के लगभग बराबर है।
उस्डा की रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन में भारत में सोयाबीन की कुल उपलब्धता 115.60 लाख टन रह सकती हैं जिसमें 6.60 लाख टन का पिछला बकाया स्टॉक, 105 लाख टन का उत्पादन एवं 4 लाख टन का संभावित आयात शामिल है।
इस 115.60 लाख टन के कुल स्टॉक में से 108.80 लाख टन का घरेलू उपयोग तथा 20 हजार टन का निर्यात हो सकता है जिससे सीजन के अंत में पुनः 6.60 लाख टन का स्टॉक बच जाएगा।
2024-25 के सीजन में 9.30 लाख टन सोयाबीन का पिछला बकाया स्टॉक मौजूद था और 125.80 लाख टन के उत्पादन के साथ इसकी कुल उपलब्धता 135.20 लाख टन पर पहुंची थी। उसमें से 128.50 लाख टन का घरेलू उपयोग तथा 10 हजार टन का निर्यात हुआ और मार्केटिंग सीजन के अंत में 6.60 लाख टन का अधिशेष स्टॉक बच गया।
