सभी प्रमुख बाजारों में गत माह चावल का भाव रहा कमजोर

06-Apr-2026 04:57 PM

रोम। संयुक्त राष्ट्र संघ की अधीनस्थ एजेंसी- खाद्य एवं कृषि संगठन (फाओ) का सकल चावल मूल्य सूचकांक मार्च 2026 में गिरकर 100.1 प्वाइंट पर आ गया जो फरवरी के स्तर से 3 प्रतिशत तथा मार्च 2025 के स्तर से करीब 4 प्रतिशत कम था। फाओ की रिपोर्ट के अनुसार सभी प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देशों में विभिन्न श्रेणियों एवं किस्मों के चावल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। 

फाओ की रिपोर्ट के मुताबिक चावल के उत्पादन, उपयोग एवं निर्यात में एशिया महाद्वीप सबसे आगे हैं। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण वहां भारत, थाईलैंड, वियतनाम, पाकिस्तान, म्यांमार एवं कम्बोडिया जैसे निर्यातक देशों में चावल के बाजार में प्राय: नरमी का माहौल देखा गया। खाड़ी क्षेत्र के देशों में चावल का शिपमेंट काफी हद तक प्रभावित हुआ।

चावल के कुल वैश्विक आयात में इन देशों की भागीदारी 11 प्रतिशत के आसपास रहती है। वहां ईरान, इराक, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, ओमान, जोर्डन, बहरीन एवं कुवैत जैसे देशों में चावल का बड़े पैमाने पर आयात किया जाता है। भारत से बासमती चावल का लगभग 70 प्रतिशत निर्यात इन देशों में होता है। 

ईरान-इजरायल युद्ध के कारण वहां निर्यातक देशों से चावल के शिपमेंट में या तो देर हो गई या उसका रास्ता बदलना पड़ा जहाजों (कंटेनरों) का किराया भाड़ा बहुत बढ़ गया और नए अनुबंधों पर काफी हद तक विराम लग गया। तीनों शीर्ष निर्यातक देशों- भारत, थाईलैंड एवं वियतनाम में डॉलर में सापेक्ष मुद्रा का भारी अवमूल्यन होने से चावल की कीमतों पर दबाव और बढ़ गया।