भारतीय बंदरगाहों पर मटर तथा मसूर का अच्छा स्टॉक मौजूद
19-Dec-2024 11:41 AM
मुम्बई । भारत के तीन महत्वपूर्ण बंदरगाहों - मूंदड़ा, कांडला एवं हजीरा पर विदेशों से आयातित पीली मटर एवं मसूर का अच्छा-खासा स्टॉक अभी मौजूद है जबकि जल्दी ही और माल वहां पहुंचने वाला है। विश्वसनीय सूत्रों से आई ग्रेन इंडिया को मिली जानकारी के अनुसार भारतीय बंदरगाहों पर फिलहाल 7.75 लाख टन पीली मटर का स्टॉक उपलब्ध है।
इसके तहत मूंदड़ा बंदरगाह पर 3.53 लाख टन, कांडला पर 2.61 लाख टन तथा हजीरा पर 1.59 लाख टन स्टॉक मौजूद है। इसके अलावा मूंदड़ा बंदरगाह पर जल्दी ही 43,916 टन पीली मटर की खेप पहुंचने वाली है। इसके साथ ही पाइप लाइन सहित बंदरगाहों पर मौजूद आयातित पीली मटर की कुल मात्रा 8,16,916 टन पर पहुंच जाएगी।
जहां तक मसूर का सवाल है तो बंदरगाहों पर इसकी कुल अनुमानित मात्रा 1,04,885 बताई जा रही है जिसके तहत मूंदड़ा बंदरगाह पर 51,300 टन, कांडला पर 13,985 टन तथा हजीरा पर 39,600 टन का स्टॉक उपलब्ध होने का अनुमान है।
इसके अलावा मूंदड़ा बंदरगाह पर 31,605 टन मसूर का शिपमेंट होने वाला है जिसके साथ इसका कुल स्टॉक सुधरकर 1,35,950 टन पर पहुंच जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा 31 दिसम्बर 2024 को समाप्त हो रही है और अभी तक इसे आगे बढ़ाने के किसी निर्णय की घोषणा नहीं हुई है।
मसूर का शुल्क मुक्त आयात 31 मार्च 2025 तक किया जा सकता है। घरेलू प्रभाग में इन दोनों दलहन फसलों की बिजाई अभी जारी है। कनाडा, रूस एवं ऑस्ट्रेलिया आदि से मटर-मसूर का आयात होता है।
