बेहतर निर्यात प्रदर्शन के साथ चिली में अखरोट का सीजन समाप्त

15-Apr-2026 04:16 PM

सांहियागो। निर्यातक संस्था- चिलीनट एक्सपोर्ट द्वारा जारी अंतिम शिपमेंट रिपोर्ट से पता चलता है कि 2025-26 के मार्केटिंग सीजन के दौरान देश से अखरोट के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई। मध्य-पूर्व के क्षेत्र में छिलका सहित तथा यूरोप में छिलका रहित अखरोट की मांग ज्यादा देखी गई। 

रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित देश- चिली से मार्च में छिलका युक्त अखरोट का नगण्य निर्यात हुआ लेकिन 2025-26 के पूरे सीजन में इसका शिपमेंट 2024-25 सीजन के मुकाबले करीब 26 प्रतिशत अधिक रहा।

महत्वपूर्ण बात यह है कि मध्य पूर्व / अफ्रीका अखरोट का निर्यात एशिया / ओसियाना क्षेत्र से ज्यादा हुआ। 2024-25  की तुलना में 2025-26 के सीजन के दौरान चिली से अखरोट का निर्यात एशिया / ओसियाना क्षेत्र में 14 प्रतिशत घटकर 30,513 टन रह गया जबकि मध्य पूर्व एवं अफ्रीका में यह दोगुने से भी ज्यादा उछलकर 34,936 टन पर पहुंच गया।

इसी तरह अखरोट का निर्यात यूरोप में 32 प्रतिशत बढ़कर 23,918 टन तथा अमरीका में 6 प्रतिशत सुधरकर 2270 टन पर पहुंचा। हालांकि भारत में निर्यात 17 प्रतिशत घट गया लेकिन यह फिर भी प्रमुख आयातक देश बना रहा। दूसरी ओर तुर्की में निर्यात 61 प्रतिशत तथा संयुक्त अरब अमीरात में 11 गुना बढ़ गया। भारत में चिली से अखरोट का आयात 33,968 टन से घटकर 28,185 टन पर सिमट गया।