बीजी 2 कॉटन सीड के दाम में हुई वृद्धि से बीज कंपनियां संतुष्ट नहीं
29-Mar-2025 12:03 PM
हैदराबाद। हालांकि केन्द्र सरकार ने बोल गार्ड- II (बीजी 2) बीटी कॉटन बीज (कॉटन सीड) का खुदरा मूल्य पिछले साल के 864 रुपए प्रति पैकेट से 37 रूपए बढ़ाकर इस बार 901 रुपए प्रति पैकेट निर्धारित किया है लेकिन बीज निर्माता कंपनियां इससे संतुष्ट नहीं हैं।
उसका मानना है कि खुदरा मूल्य में हुई यह वृद्धि मामूली है और इससे लागत खर्च भी हासिल नहीं हो पाएगा। इसका खुदरा मूल्य कम से कम 1020 रुपए प्रति पैकेट नियत होना चाहिए था तभी स्थिति सामान्य हो सकती थी। उल्लेखनीय है कि कपास बीज का प्रत्येक पैकेट 450 ग्राम का होता है।
बीज उत्पादक कंपनियों की प्रतिनिधि संस्था- नेशनल सीड एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनएसएआई) ने भी कॉटन बीज के दाम में हुई इस वृद्धि को अपर्याप्त बताते हुए कहा है
कि इससे बीज के उत्पादन एवं कारोबार में संलग्न फर्मों को नुकसान होगा। सरकार को बीज उत्पादन में बढ़ते लागत खर्च को ध्यान में रखते हुए कीमतों में बढ़ोत्तरी करनी चाहिए थी।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने बोल गार्ड - l (बीजी-1) कपास बीज का खुदरा मूल्य 635 रुपए प्रति पैकेट निर्धारित किया है जिसे बीज कंपनियां निराशाजनक मान रही हैं।
उत्तरी क्षेत्र के तीनों उत्पादक राज्यों- पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान में अगले महीने (अप्रैल) से कपास की अगैती बिजाई शुरू हो जाएगी
जबकि गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु एवं उड़ीसा में बिजाई की प्रक्रिया जून में आरंभ होगी।
उड़ीसा को छोड़कर शेष सभी राज्यों में बीटी कॉटन की खेती होती है और बिजाई के लिए बीजी -1 या बीजी-2 सीड का इस्तेमाल किया जाता है।
