ब्राजील के घरेलू प्रभाग में सोया तेल की खपत बढ़ने के आसार

25-Dec-2024 08:36 PM

रियो डी जेनेरियो । दक्षिण अमरीका महाद्वीप में स्थित दुनिया के सबसे प्रमुख सोयाबीन उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील में सोयाबीन की क्रशिंग क्षमता पीछे तीन साल की तुलना में अगले तीन वर्ष के दौरान लगभग दोगुनी बढ़ने की संभावना है जिससे वहां क्रशिंग के लिए अधिक मात्रा में कच्चे माल की जरूरत पड़ेगी और सोया तेल तथा सोयामील का उत्पादन बढ़ेगा।

लेकिन इसके साथ-साथ उसके घरेलू प्रभाग में सोयाबीन तेल की मांग एवं खपत भी बढ़ती जाएगी। फिलहाल ब्राजील में एथनॉल निर्माण के लिए चीनी और मक्का का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर हो रहा है जबकि आगामी वर्षों में इसके लिए सोयाबीन तेल का उपयोग बढ़ाया जा जा सकता है।  

इस लैटिन अमरीकी देश में 2024-25 के वर्तमान सीजन में सोयाबीन का उत्पादन बढ़कर 16.80 से 17.10 करोड़ टन के बीच पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है जो सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर है।

फिलहाल क्रशिंग की क्षमता कुछ कम होने से उसे सोयाबीन की विशाल मात्रा का निर्यात करना पड़ रहा है लेकिन क्रशिंग क्षमता में वृद्धि होने पर सोयाबीन की घरेलू खपत बढ़ेगी। वहां इस महत्वपूर्ण तिलहन फसल की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है और अगैती बिजाई वाली फसल की कटाई-तैयारी मध्य जनवरी से आरंभ हो जाएगी।

वर्ष 2025 से 2027 के बीच ब्रजील में 13 नए प्लांट स्थापित होने वाले हैं जिससे सोयाबीन की दैनिक क्रशिंग क्षमता में 37 हजार टन की बढ़ोत्तरी हो जाएगी जबकि वार्षिक क्रशिंग क्षमता भी 111 लाख टन बढ़ जाएगी।

सोयाबीन की कुल क्रशिंग क्षमता चालू वर्ष के 594 लाख टन से बढ़कर 2027 तक 721 लाख टन पर पहुंच सकती है।