ब्राजील में चीनी के बजाए एथनॉल के उत्पादन पर ज्यादा जोर दिए जाने की संभावना

03-Feb-2026 09:00 PM

साओ पाउलो। लैटिन अमरीका में अवस्थित ब्राजील में 2026-27 के सीजन में प्लांटों द्वारा चीनी के बजाए एथनॉल के निर्माण में गन्ना की अधिक मात्रा का इस्तेमाल किए जाने की संभावना है।

वहां गन्ना की क्रशिंग का नया सीजन अप्रैल में आरंभ होने वाला है। ज्ञात हो कि ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। 

समझा जाता है कि ब्राजील में लगभग 90 प्रतिशत चीनी का उत्पादन करने वाले संभाग- मध्य दक्षिणी क्षेत्र में चीनी का भाव उत्पादन खर्च से नीचे बना हुआ है। जिससे मिलर्स की वित्तीय स्थिति कमजोर होती जा रही है।

अंतर्राष्ट्रीय कारोबार करने वाली एक अग्रणी कंपनी की रिपोर्ट के अनुसार ब्राजील में मिलर्स द्वारा न्यूयार्क के आईसीई एक्सचेंज में अपनी कुल अनुमानित चीनी बिक्री के महज 20 प्रतिशत भाग की हेजिंग की गई थी जबकि दो साल पूर्व यह आंकड़ा 70 प्रतिशत के करीब पहुंच गया था। 

कम्पनी के अनुसार ब्राजील के मध्य दक्षिणी क्षेत्र में चीनी के उत्पादन का खर्च फिलहाल करीब 16.3 सेंट प्रति पौंड बैठ रहा है जिसके मुकाबले न्यूयार्क एक्सचेंज में कच्ची चीनी (रॉ शुगर) का वायदा मूल्य महज 14.30 सेंट प्रति पौंड है। ब्राजील में चीनी के मूल्य का आंकलन स्थानीय मुद्रा- रियाल में किया जाता है।

वहां चीनी का भाव 1700 रियाल प्रति के मिश्रण स्तर पर आ गया है जो पांच वर्षों में सबसे कम है। इसके फलस्वरूप वहां चीनी के उत्पादन में गन्ना के उपयोग की भागीदारी का अनुमान 2025-26 सीजन के 50.50 प्रतिशत से घटाकर 48.3 प्रतिशत नियत किया गया है। इससे चीनी के उत्पादन में कमी आने तथा एथनॉल के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।