ब्राजील में करीब 80 प्रतिशत सोयाबीन फसल की कटाई पूरी

29-Mar-2025 05:40 PM

सरिसो। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में पिछले सप्ताह के अंत तक 77 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी पूरी   हुई थी जो चालू सप्ताह में बढ़कर 80 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गई। पिछले साल की समान अवधि में कटाई का क्षेत्रफल 69 प्रतिशत तक ही पहुंचा था।


देश के मध्यवर्ती भाग में फसल की कटाई अंतिम चरण में पहुंच गई है लेकिन दक्षिण प्रान्त- रियो ग्रैंड डो सूल में अभी काफी कटाई बाकी है क्योंकि आमतौर पर वहां सोयाबीन की बिजाई एवं कटाई काफी लेट से होती है।


इस प्रान्त में जनवरी- फरवरी के दौरान मौसम अत्यन्त गर्म एवं शुष्क होने के कारण सोयाबीन फसल की औसत उपज दर में काफी भिन्नता देखी जा रही है।


राज्य के 240 क्षेत्रों में आपात काल की घोषणा कर दी गई है जिससे वहां सूखे की अत्यन्त गंभीर स्थिति का स्पष्ट संकेत मिलता है।

 

एक अग्रणी संस्था ने 2024-25 सीजन के लिए ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन अनुमान 23 लाख टन घटकर 1659 लाख टन निर्धारित किया है।


इस कटौती का प्रमुख कारण रियो ग्रैंड डो सूल प्रान्त की खराब स्थिती को माना गया है जहां इस बार महज 150 लाख टन के उत्पादन की संभावना व्यक्त की गई है जबकि सीजन के आरंभ में वहां 210 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया गया था।


आमतौर पर माटो ग्रोसो एवं पराना के बाद रियो ग्रैंड डो सूल ब्राजील में सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य माना जाता है मगर इस बार वह गोईआस प्रान्त पिछड़कर चौथे स्थान पर खिसक जाएगा।


ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश बना हुआ है। माटो ग्रोसो प्रान्त में 495 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया गया है।