ब्राजील में सफरीन्हा मक्का की 97 प्रतिशत बिजाई पूरी

21-Mar-2025 01:51 PM

परानागुआ। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई के साथ ही सफरीन्हा मक्का की बिजाई आरंभ हो जाती है।

हालांकि शुष्क एवं गर्म मौसम की वजह से इस बार देश के दक्षिणी भाग में मक्का की बिजाई आंशिक रूप से प्रभावित हुई थी लेकिन पिछले सप्ताह की बारिश से खासकर पराना, साओ पाउलो, मिनास जेराइस,

माटो ग्रोसो डो सूल तथा गोईआस जैसे राज्यों में फसल को फायदा हुआ। आगामी सप्ताहों के दौरान इन प्रांतों में और बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है जिससे फसल को राहत मिलेगी। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ब्राजील में सफरीन्हा मक्का की बिजाई 97 प्रतिशत से अधिक भाग में पूरी हो चुकी है जबकि इसकी खेती का आदर्श समय समाप्त हो गया है। कहीं-कहीं बिजाई की प्रक्रिया अभी जारी है।

सरकारी एजेंसी- कोनाब ने मार्च की अपनी रिपोर्ट में सफरीन्हा मक्का के बिजाई क्षेत्र का अनुमान 90 हजार हेक्टेयर घटाकर 167.40 लाख हेक्टेयर (413 लाख एकड़) निर्धारित किया है।

कोनाब की रिपोर्ट में कहा गया है कि देश के कुछ अति शुष्क इलाकों में किसानों ने मक्का की खेती के बजाये ज्वार अथवा तिल की बिजाई को प्राथमिकता दी।

आमतौर पर सीजन की प्रगति के साथ कोनाब के बिजाई क्षेत्र का आंकड़ा भी कुछ बढ़ जाता है इसलिए अब इस क्षेत्रफल के अनुमान में गिरावट आने की संभावना बहुत कम है। बारिश की वजह से फसल की हालत भी सुधरती जा रही है। 

कोनाब की रिपोर्ट में 2024-25 सीजन के लिए मक्का के कुल उत्पादन अनुमान 7.50 लाख टन बढ़ाकर 1227.60 लाख टन  निर्धारित किया गया है।

दिन देने की बात है कि इस लैटिन अमरीकी देश में मक्का की खेती तीन सीजन में होती है। प्रथम या पूर्ण सीजन की फसल आ रही है और दूसरे सफरीन्हा सीजन की खेती होती है। लगभग 75 प्रतिशत मक्का का उत्पादन सफरीन्हा सीजन में होता है।

अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने ब्राजील में 1260 लाख टन मक्का के उत्पादन की संभावना व्यक्त की है। ब्राजील दुनिया में मक्का का दूसरा सबसे प्रमुख निर्यातक एवं तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है।