ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन 1660 लाख टन होने का अनुमान
01-Apr-2025 05:51 PM
रियो डी जेनेरो। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील के कुछ भागों में प्रतिकूल मौसम से फसल को हो रही क्षति को देखते हुए एक अग्रणी विश्लेषक फर्म ने सोयाबीन का उत्पादन अनुमान 23 लाख टन घटकर अब 1660 लाख टन नियत किया है।
हालांकि सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- माटो ग्रोसो में 495 लाख टन सोयाबीन के शानदार उत्पादन की संभावना व्यक्त की गई है जो न केवल 2023-24 सीजन से ज्यादा है बल्कि अर्जेन्टीना के कुल अनुमानित उत्पादन से भी अधिक है।
ज्ञात हो कि ब्राजील तथा अमरीका के बाद अर्जेन्टीना संसार में सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक देश है। दूसरी ओर विश्लेषक फर्म ने ब्राजील के पराना, माटो ग्रोसो डो सूल, वाहिया एवं पियाऊई जैसे राज्यों में उत्पादन का अनुमान घटा दिया है।
ब्राजील में सोयाबीन के उत्पादन में परम्परागत रूप से माटो ग्रोसो पहले, पराना दूसरे तथा रियो ग्रैंड डो सूल तीसरे नम्बर पर रहता है।
लेकिन इस बार रियो ग्रैंड में मौसम अत्यन्त गर्म एवं शुष्क होने से सोयाबीन की फसल को गंभीर नुकसान हो रहा है। राज्य के 48 प्रतिशत भाग में भयंकर गर्मीं को देखते हुए आपातकाल घोषित कर दिया गया है।
वहां सोयाबीन की औसत उपज दर में 30 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आने की आशंका है। कुछ इलाकों में तो उपज दर लुढ़ककर महज 13 बुशेल प्रति एकड़ रह गई है।
संस्था के मुताबिक इस बार रियो ग्रैंड को पीछे छोड़कर गोईआस ब्राजील में सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य बन सकता है।
सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- माटो ग्रोसो में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी लगभग समाप्त हो चुकी है। इसी तरह दूसरे सबसे बड़े उत्पादक राज्य - पराना में सोयाबीन फसल की 80-85 प्रतिशत कटाई पूरी हो चुकी है
और अगले दो-तीन सप्ताहों में शेष फसल की कटाई भी समाप्त हो जाने की संभावना है। राज्य के पश्चिमी भाग में उपज दर काफी नीचे देखी जा रही है।
रियो ग्रैंड में सोयाबीन फसल की बिजाई एवं कटाई लेट से होती है। यह ब्राजील का सुदूर दक्षिणी प्रान्त है। वहां भयंकर गर्मीं से फसल बेहाल होती जा रही है।
