ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष से आगे निकला
15-Nov-2024 11:41 AM
रियो डी जेनेरी । दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित संसार के सबसे प्रमुख सोयाबीन उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील के कुछ भागों में मौसम की हालत प्रतिकूल रहने के बावजूद इस महत्वपूर्ण तिलहन फसल की बिजाई पिछले साल से आगे निकल गई है। पिछले सप्ताह के मध्यवर्ती भाग में तो अच्छी बारिश हो गई लेकिन उत्तरी एवं दक्षिणी क्षेत्रों में वर्षा का अभाव रहा।
आगामी समय में मध्यवर्ती भाग में और वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है जिसका विस्तार उत्तरी क्षेत्र तक हो सकता है। दक्षिणी भाग में मौसम गर्म एवं शुष्क बना रह सकता है।
उल्लेखनीय है कि आमतौर पर ग्रीष्मकालीन वर्षा ब्राजील के पूर्वोतर एवं उत्तरी भाग में सबसे अंत में होती है इसलिए नवम्बर में वर्षा का आना सामान्य घटना है।
हालांकि दक्षिणी ब्राजील में शुष्क मौसम से फिलहाल कोई समस्या नहीं है लेकिन आगे खासकर रियो ग्रैंड डो सूल, सान्ता कैटरीना, पश्चिमी पराना तथा दक्षिणी माटो ग्रोसो डो सूल जैसे राज्यों में यह चिंता का कारण बन सकता है।
ब्राजील में पिछले सप्ताह के अंत तक 68.3 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन की बिजाई पूरी हो चुकी थी जो गत वर्ष की समान अवधि के क्षेत्रफल 61.2 प्रतिशत से ज्यादा मगर पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 70 प्रतिशत से कुछ कम (पीछे) है।
सोयाबीन की बिजाई अब उन राज्यों में जोर शोर से होने लगी है जहां परम्परागत रूप से यह सबसे अंत में होती है। इसमें दक्षिण क्षेत्र के रियो ग्रैंड डो सूल के साथ-साथ कुछ पूर्वोत्तर प्रान्त शामिल हैं।
ब्राजील के दो शीर्ष उत्पादक प्रान्त- माटो ग्रोसो तथा पराना में सोयाबीन की बिजाई काफी हद तक पूरी हो चुकी है। माटो ग्रोसो में 94 प्रतिशत तथा पराना में 85 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन की बिजाई होने की सूचना है जबकि चालू माह के अंत या दिसम्बर के प्रथम सप्ताह तक बिजाई की प्रक्रिया समाप्त हो जाने की उम्मीद है।
हालांकि ब्राजील में इस बार सोयाबीन के रिकॉर्ड उत्पादन का अनुमान लगाया गया है मगर यह काफी हद तक मौसम एवं वर्षा की स्थिति पर निर्भर करेगा।
