बादामगिरी में मंदे की संभावना नहीं
12-Dec-2025 06:48 PM
नई दिल्ली। चालू सप्ताह के दौरान बादामगिरी की कीमतों में 20/25 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की जा चुकी है। वर्तमान हालात को देखते हुए अभी भी कीमतों में तेजी की संभावना है। उल्लेखनीय है कि डॉलर की मजबूती के अलावा कैलिफोर्निया में बादाम के भाव भी बढ़ने के कारण आयात ऊंचे भावों पर पड़ रहा है। एक अनुमान के अनुसार जुलाई अगस्त माह के दौरान कैलिफोर्निया में बादाम का भाव 1.70/1.80 डॉलर प्रति पौंड का चल रहा था जोकि वर्तमान में बढ़कर 2.30/2.35 डॉलर प्रति पौंड का हो गया है। जुलाई माह के शुरू में डॉलर का भाव 85.60 रुपए का चल रहा था जोकि वर्तमान में 90.44 रुपए हो गया है।
आयात
हालांकि जनवरी-नवम्बर माह के दौरान बादाम का आयात गत वर्ष की तुलना में अधिक रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनवरी-नवम्बर- 2024 के दौरान बादाम का आयात 10208 कंटेनर का रहा था जबकि जनवरी-नवम्बर 2025 में बढ़कर 11536 कंटेनर का हो गया है। नवम्बर- 2025 के दौरान भी बादाम का आयात गत वर्ष की तुलना में अधिक रहा है। गत वर्ष नवम्बर में आयात 643 कंटेनर का रहा था जबकि नवम्बर 2025 में आयात 832 कंटेनर का हुआ है। अप्रैल एवं जुलाई माह के दौरान सर्वाधिक आयात क्रमश: 1454 एवं 1453 कंटेनर का रहा।
उत्पादन अधिक
यूएसडीए की रिपोर्ट के अनुसार चालू सीजन के दौरान भी कैलिफोर्निया में बादाम का उत्पादन अधिक होने के अनुमान लगाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार चालू सीजन के दौरान उत्पादन 3000 मिलियन पौंड का माना गया है जबकि वर्ष 2024 के दौरान उत्पादन 2730 मिलियन पौंड का रहा था। वर्ष 2023 में उत्पादन 2455 मिलियन पौंड का रहा था। वर्ष 2020 में सर्वाधिक उत्पादन 3115 मिलियन पौंड का रहा था।
मन्दा नहीं
जानकारों का कहना है कि बादामगिरी की वर्तमान कीमतों में मंदे की संभावना नहीं है। क्योंकि अक्टूबर की तुलना में नवम्बर में आयात कम हुआ है। साथ ही कैलिफोर्निया में बादाम का भाव भी बढ़ गया है। डॉलर भी मजबूत चल रहा है। जिस कारण से आगामी दिनों में बादमागिरी की कीमतों में 30/40 रुपए प्रति किलो की तेजी आने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं। वर्तमान में दिल्ली बाजार में बादामगिरी अमेरिकन का भाव 830/835 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा है जोकि चालू माह के शुरू में 800/810 रुपए प्रति किलो चल रहा था।
