बांधों-जलाशयों में जल स्तर घटकर 73 प्रतिशत पर आया

03-Jan-2025 01:43 PM

मुम्बई । केन्द्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अनुसार पिछले सप्ताह के दौरान देश के अधिकांश इलाकों में वर्षा का अभाव होने के कारण देश के 155 प्रमुख बांधों एवं जलाशयों में जल स्तर घटकर उसकी कुल भंडारण क्षमता के 73 प्रतिशत पर आ गया।

हालांकि राष्ट्रीय स्तर पर दिसम्बर 2024 में वर्ष 2001 के बाद सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई लेकिन इससे केवल दक्षिणी राज्यों में ही जलाशयों में पानी का स्तर बढ़ाने में सहायता मिल सकी।

देश के अन्य भागों में पिछले छह सप्ताहों से पानी का स्तर घटता जा रहा है। पानी का घटता स्तर आगे चिंता का कारण बन सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन की समाप्ति के बाद यद्यपि नवम्बर में वर्षा सामान्य औसत से 55 प्रतिशत कम हुई लेकिन अक्टूबर से दिसम्बर की तिमाही में कुल मिलाकर सामान्य स्तर पर पहुंच गई।

नवम्बर में कम वर्षा होने से रबी फसलों की बिजाई में सुधार नहीं आ सका। दिसम्बर में अच्छी बारिश हुई जिससे रबी फसलों को फायदा होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने जनवरी में सामान्य औसत से कम वर्षा होने तथा जनवरी-मार्च 2025 की तिमाही में भी बारिश में कमी आने की संभावना व्यक्त की है। इससे बांधों में जलस्तर और भी घट सकता है। 

आयोग के आंकड़ों के अनुसार चालू सप्ताह के दौरान बांधों-जलाशयों में जल स्तर घटकर 132.293 बिलियन क्यूबिक मीटर  (बीसीएम) रह गया जो कुल भंडार क्षमता 180.852 बीसीएम का 73 प्रतिशत है।

इसके बावजूद यह जल स्तर पिछले साल से 25 प्रतिशत एवं दस वर्षीय औसत से 19 प्रतिशत अधिक है। सप्ताह के दौरान देश के सभी पांच क्षेत्रों में जल स्तर में गिरावट दर्ज की गई। देश में 10 जलाशय पानी से पूरी तरह भरे हुए हैं जबकि 20 जलाशयों में 50 प्रतिशत से कम पानी का स्टॉक है।