बांधों-जलाशयों में पानी के भंडार में आई थोड़ी गिरावट
26-Sep-2025 08:46 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम आंकड़ों से ज्ञात होता है कि देश के 161 प्रमुख बांधों-जलाशयों में चालू सप्ताह के दौरान पानी का स्टॉक कुछ घटकर उसकी कुल भंडारण क्षमता के 89.5 प्रतिशत पर आ गया मगर 50 प्रतिशत से अधिक बांधों में अब भी जल स्तर 90 प्रतिशत से ज्यादा है।
आयोग की साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार इन 161 बांधों- जलाशयों में पानी की कुल भंडारण क्षमता 182.496 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) की है जबकि उसमें पानी का कुल स्टॉक 163.337 बीसीएम मौजूद है।
देश के पांच में से तीन संभाग में मौजूद बांधों-जलाशयों में भंडारण क्षमता के सापेक्ष लगातार तीसरे सप्ताह पानी का स्टॉक 90 प्रतिशत से ऊपर रहा। बांधों में पानी का स्टॉक गत वर्ष के मुकाबले 3.5 प्रतिशत तथा 10 वर्षीय स्टॉक के मुकाबले 15 प्रतिशत बिंदु ज्यादा है।
आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र के 11, मध्य प्रदेश के 5, राजस्थान के 4, झारखंड के 3, गुजरात के 2 तथा तेलंगाना, मिजोरम एवं गोवा का एक-एक बांध अपनी पूरी क्षमता तक पानी से भरा हुआ है। इसके फलस्वरूप आगामी रबी सीजन में विभिन्न फसलों की सिंचाई के लिए वहां पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार मौजूदा दक्षिण-पश्चिम मानसून के सीजन में 1 जून से 25 सितम्बर के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर दीर्घकालीन औसत से करीब 7 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।
समीक्षाधीन अवधि के दौरान देश के पश्चिमोत्तर भाग में सामान्य औसत से 28 प्रतिशत तक मध्यवर्ती क्षेत्र में 12 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। इसी तरह दक्षिण भारत में 8 प्रतिशत अधिशेष बारिश दर्ज की गई लेकिन पूर्वी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में सामान्य औसत से 19 प्रतिशत कम वर्षा हुई। बांधों-जलाशयों में पर्याप्त पानी मौजूद रहने तथा खेतों की मिटटी में भरपूर नमी उपस्थित रहने से रबी फसलों का परिदृश्य बेहतर हो सकता है।
