बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक 90 प्रतिशत से नीचे

12-Dec-2025 11:37 AM

नई दिल्ली। भारत के 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का कुल स्टॉक लगातार पांचवें सप्ताह भी इसकी कुल भंडारण क्षमता के मुकाबले 90 प्रतिशत से नीचे ही रहा क्योंकि देश के अधिकांश इलाकों में पिछले सप्ताह बारिश की कमी देखी गई। राष्ट्रीय स्तर पर गत सप्ताह केवल 1.7 मि०मी० वर्षा हुई जो सामान्य औसत 3.7 मि०मी० से 55 प्रतिशत कम रही। 

केन्द्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार सभी 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक घटकर 155.226 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) रह गया जो उसकी कुल भंडारण क्षमता का 84.56 प्रतिशत है।

इसके बावजूद पानी का यह स्टॉक गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में करीब 7.5 प्रतिशत और 10 वर्षीय औसत स्तर के मुकाबले 22.23 प्रतिशत ज्यादा है। इसे देखते हुए लगता है कि रबी फसलों की सिंचाई के लिए बांधों- जलाशयों में अब भी पानी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। 

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले सप्ताह देश के पूर्वी एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र पश्चिमोत्तर भाग तथा मध्यवर्ती राज्यों में बारिश का 100 प्रतिशत अभाव रहा यानी वहां  वर्षा बिल्कुल नहीं हुई जबकि दक्षिण भारत में भी 20 प्रतिशत कम बारिश हुई। 

रबी फसलों की जोरदार बिजाई अभी जारी है और इसका कुल रकबा 479 लाख हेक्टेयर से ऊपर पहुंच चुका है। कुछ क्षेत्रों में दिन का तापमान ऊंचे स्तर पर रहता है जिससे खेतों की मिटटी से नमी सूखने लगी है।

ऐसे क्षेत्रों में बारिश की जरूरत महसूस होने वाली है और फसलों की सिचाई के लिए किसानों ने प्रयास आरंभ कर दिया है।