बांधों- जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 40 प्रतिशत से नीचे आया

05-Apr-2025 04:29 PM

नई दिल्ली। देश भर के 161 प्रमुख बांधों एवं जलाशयों में पानी का स्तर घटकर इसकी सम्पूर्ण भंडारण क्षमता की तुलना में 40 प्रतिशत से भी नीचे आ गया है।

इसमें से 65 प्रतिशत सरोवरों में 50 प्रतिशत से भी कम पानी का भंडार बचा हुआ है। केन्द्रीय जल आयोग की साप्ताहिक बुलेटिन के अनुसार इन 161 जलाशयों में पानी की कुल भंडारण क्षमता 182.375 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) की है जबकि इसमें केवल 72.91 बीसीएम जल का स्टॉक उपलब्ध है।

फिर भी यह पिछले साल तथा 10 वर्षीय औसत  स्टॉक से कुछ ज्यादा है। वर्षा के अभाव एवं ऊंचे तापमान के कारण जल स्तर घटता जा रहा है। 

आयोग के मुताबिक सिर्फ मध्यवर्ती जोन को छोड़कर देश के अन्य भागों में बांधों- जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 40 प्रतिशत से नीचे आ गया है।

इसके तहत पूर्वी क्षेत्र के 27 जलाशयों में केवल 8.15 बीसीएम पानी का स्टॉक बचा हुआ है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 21.655 बीसीएम का 37.6 प्रतिशत है।

झारखंड के 6 बांधों में 53 प्रतिशत, मेघालय एवं त्रिपुरा के एक-एक जलाशय में क्रमश: 76  प्रतिशत एवं 57 प्रतिशत तथा शेष राज्यों को बांधों में 40 प्रतिशत से कम पानी का स्टॉक मौजूद है जबकि मिजोरम का जलाशय लगभग सूख चुका है। 

मध्यवर्ती क्षेत्र के 28 जलाशय में 48.588 बीसीएम की कुल भंडारण क्षमता के मुकाबले 45 प्रतिशत या                     22.021 बीसीएम पानी का स्टॉक बचा हुआ है।

मध्य प्रदेश के 11 बांधों में 49 प्रतिशत पानी का स्टॉक है जबकि छत्तीसगढ़ में 40 प्रतिशत एवं उत्तर प्रदेश में 41 प्रतिशत पानी का स्टॉक मौजूद है। उत्तराखंड के तीन जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 31 प्रतिशत पर आ गया है। 

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश (उत्तरी क्षेत्र) में केवल 23 प्रतिशत पानी बचा हुआ है जबकि मध्यवर्ती जोन (गोवा, महाराष्ट्र एवं गुजरात) में 48 प्रतिशत तथा दक्षिणी क्षेत्र में 36.5 प्रतिशत पानी का स्टॉक मौजूद है। सभी क्षेत्रों में मानसून-पूर्व की बारिश का इंतजार किया जा रहा है।