बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 90 प्रतिशत से नीचे आया

28-Nov-2025 04:02 PM

नई दिल्ली। अधिकांश इलाकों में बारिश का अभाव होने से देश के 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में उसकी कुल भंडारण क्षमता के सापेक्ष पानी का स्तर 90 प्रतिशत से घटते हुए चालू सप्ताह में 87.83 प्रतिशत पर आ गया पहले 161 बांधों-जलाशयों में ही पानी के स्टोरेज का आंकलन किया जाता था मगर अब इसमें 5 अन्य बांधों को शामिल कर लिया गया है जिसमें पश्चिमी क्षेत्र के तीन तथा दक्षिणी एवं पूर्वी क्षेत्र के एक-एक जलाशय शामिल है। 

केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार देश के 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी की कुल भंडारण क्षमता 183.565 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) है जबकि फिलहाल उसमें 161.218 बीसीएम पानी का स्टॉक मौजूद है।

इसके तहत पश्चिमी तथा मध्यवर्ती क्षेत्र के जलाशयों में पानी का भंडार 90 प्रतिशत से ऊपर बना हुआ है लेकिन पूर्वी संभाग में यह घटकर 80 प्रतिशत से भी नीचे आ गया है। राष्ट्रीय स्तर पर बांधों-जलाशयों में मौजूदा पानी का भंडार गत वर्ष से 7 प्रतिशत तथा दस वर्षीय औसत से 21 प्रतिशत ज्यादा है। 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की रिपोर्ट के अनुसार पिछले सप्ताह देश के अधिकांश भागों में बारिश नहीं या नगण्य हुई लेकिन इसके बावजूद मानसून सीजन के बाद 1 अक्टूबर से 26 नवम्बर के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर सामन्य औसत से 25 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई।

समीक्षाधीन अवधि के दौरान देश के कुल 730 जिलों (जिससे आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं) में तो 59 प्रतिशत में अधिशेष बारिश हुई। इसमें अधिकांश जिले पश्चिमोत्तर एवं मध्यवर्ती भारत में उपस्थित हैं।

दूसरी ओर 17 प्रतिशत जिलों में बारिश का अभाव रहा। देश में अब भी 26 जलाशय पानी से लबालब भरे हुए हैं जिससे रबी फसलों की सिंचाई में कठिनाई नहीं होगी। रबी फसलों का रकबा गत वर्ष से 10-12 प्रतिशत आगे चल रहा है।