चना को छोड़ अन्य दलहनों के बिजाई क्षेत्र में गिरावट
17-Dec-2024 06:11 PM
नई दिल्ली । पिछले साल की तुलना में चालू रबी सीजन के दौरान केवल चना को छोड़कर अन्य दलहनों का उत्पादन क्षेत्र पीछे चल रहा है जिसमें मसूर, मटर, उड़द एवं मूंग भी शामिल है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्तमान रबी सीजन में 16 दिसम्बर तक दलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 123.27 लाख हेक्टेयर पर ही पहुंच सका जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 123.71 लाख हेक्टेयर से 44 हजार हेक्टेयर कम है।
हालांकि समीक्षाधीन अवधि के दौरान सबसे प्रमुख दलहन-चना का उत्पादन क्षेत्र 84.42 लाख हेक्टेयर से 1.58 लाख हेक्टेयर बढ़कर 86 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया लेकिन मसूर का बिजाई क्षेत्र 16.29 लाख हेक्टेयर से गिरकर 16.03 लाख हेक्टेयर,
मटर का रकबा 8.64 लाख हेक्टेयर से फिसलकर 8.50 लाख हेक्टेयर तथा मूंग का क्षेत्रफल 1.18 लाख हेक्टेयर से घटकर 44 हजार हेक्टेयर पर अटक गया।
इसी तरह उड़द का उत्पादन क्षेत्र भी गत वर्ष के 3.86 लाख हेक्टेयर से गिरकर 3.19 लाख हेक्टेयर रह गया मगर अन्य दलहनों का बिजाई क्षेत्र 2.62 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 3.86 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जिसमें कुलथी एवं खेसारी सहित अन्य दलहनों का क्षेत्रफल शामिल है।
हालांकि राजस्थान में चना की बिजाई नियत लक्ष्य से काफी पीछे रह गई मगर गुजरात में क्षेत्रफल गत वर्ष से आगे हो गया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश एवं कर्नाटक सहित अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में भी चना के बिजाई क्षेत्र में उतार-चढ़ाव आया है।
रबी सीजन की दूसरी सबसे प्रमुख दलहन फसल-मसूर का रकबा पहले गत वर्ष से आगे चल रहा था अगर अब पीछे हो गया है। इसके प्रमुख उत्पादक राज्यों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं बिहार शामिल है।
दलहन फसलों की बिजाई अभी जारी है लेकिन इसकी गति धीमी पड़ती जा रही है। घरेलू बाजार में दलहनों की कीमतों में जोरदार तेजी का दौर अब थम चुका है जिससे इसकी खेती के प्रति किसानों का उत्साह एवं आकर्षण घट गया है। थोक मंडियों में तुवर सहित अन्य खरीफ दलहन फसलों की अच्छी आवक होने लगी है।
