चीन में मटर का आयात बढ़ा- मूंग का घटा
05-Jun-2025 11:02 AM
बीजिंग। चीन के सामान्य सीमा शुल्क प्रशासन के आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले सीजन की तुलना में चालू सीजन के दौरान मार्च 2025 तक देश में मटर के आयात में तो बढ़ोत्तरी हुई मगर मूंग का आयात कुछ घट गया। चीन में मटर का आयात मुख्यतः कनाडा एवं रूस से हुआ जबकि मूंग का अधिकांश आयात म्यांमार से किया गया।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार चीन में फरवरी 2025 के दौरान 1,34,384 टन मटर का आयात हुआ जो मार्च में बढ़कर 2,01,448 टन पर पहुंच गया। इसे मिलाकर चालू सीजन में मार्च तक वहां मटर का कुल आयात बढ़कर 4,24,597 टन पर पहुंच गया जो पिछले सीजन की समान अवधि के आयात 3,81,989 टन से अधिक रहा। मार्च 2025 के दौरान चीन में कनाडा से सर्वाधिक 1,02,813 टन मटर का आयात हुआ जबकि रूस से 84,165 टन एवं अर्जेन्टीना से 4660 टन मटर का आयात किया गया। अब चीन ने कनाडा से मटर के आयात पर 100 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा दिया है।
जहां तक मूंग का सवाल है तो चीन में फरवरी 2025 के मुकाबले मार्च 2025 में इसका आयात 19,231 टन से उछलकर 45,865 टन पर पहुंच गया मगर पूरे सीजन में मार्च तक इसका आयात पिछले साल के 1,08,201 टन से गिरकर 98,483 टन पर अटक गया। मार्च 2025 के दौरान चीन में म्यांमार से सर्वाधिक 33,853 टन मूंग का आयात किया गया जबकि उज्बेकिस्तान से 6960 टन तथा ऑस्ट्रेलिया से 2153 टन का आयात हुआ। चीन और म्यांमार के बीच सड़क मार्ग से भी कारोबार होता है।
