चावल का वैश्विक उत्पादन 53.782 करोड़ टन पर अटकने की संभावना

13-May-2026 07:52 PM

नई दिल्ली। हालांकि अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने अपनी नवीनतम मासिक रिपोर्ट में चावल का वैश्विक उत्पादन 2025-26 सीजन के 54.282 करोड़ टन से कुछ घटकर 2026-27 के सीजन में 53.782 करोड़ टन रह जाने की संभावना व्यक्त की है मगर बकाया अधिशेष स्टॉक ऊंचा होने से चावल की कुल वैश्विक उपलब्धता 73.387 करोड़ टन से सुधरकर 73.412 करोड़ टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है। 

उस्डा की रिपोर्ट में 2025-26 सीजन के मुकाबले 2026-27 सीजन के दौरान चावल के वैश्विक व्यापार एवं उपयोग में बढ़ोत्तरी का अनुमान लगाया गया है लेकिन उत्पादन एवं अंतिम अधिशेष स्टॉक में गिरावट आने की संभावना व्यक्त की गई है। 

समीक्षाधीन सीजन के दौरान चावल की वैश्विक खपत 38.30 लाख टन की वृद्धि के साथ 54.139 करोड़ टन के नए  रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद है। भारत में चावल का उपयोग तेजी से बढ़कर 12.80 करोड़ टन के शीर्ष स्तर पर पहुंचने के आसार हैं जो 2025-26 सीजन की खपत 12.40 करोड़ टन से 40 लाख टन ज्यादा है।

लेकिन चीन में चावल की खपत इसी अवधि में 14.723 करोड़ टन से घटकर 14.510 करोड़ टन रह जाने की संभावना है। चावल का वैश्विक व्यापार भी 602.80 लाख टन से बढ़कर 630.10 लाख टन पर पहुंच सकता है।