डॉलर का वर्चस्व खत्म करने की योजना के खिलाफ डोनाल्ड ट्रम्प की धमकी

02-Dec-2024 05:46 PM

वाशिंगटन । अमरीका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने नौ सदस्य देशों वाले ब्रिक्स संकगठन को चेतावनी दी है कि यदि वैश्विक कारोबार में एक रिजर्व मुद्रा के तौर पर अमरीकी डॉलर की अग्रता या वर्चस्व को समाप्त करने के लिए विकल्पों का निर्माण करने की योजना पर अमल करने का प्रयास किया गया तो अमरीका इन सभी नौ देशों के उत्पादों पर 100 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा देगा। इधर व्यापार विश्लेषकों ने इस प्रयास को न केवल प्रतिगामी बल्कि गैर व्यावहारिक भी करार दिया है। 

ब्रिक्स संगठनों के देशों में भारत के अलावा ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, ईरान मिस्र, इथोपिया एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि ब्रिक्स संगठन के देश या तो यूरो जैसी किसी नई मुद्रा का निर्माण करने की कोशिश कर रहे हैं या फिर अमरीकी डॉलर को धीरे-धीरे विस्थापित करने के लिए कुछ अन्य उभरती मुद्राओं को अपनाना चाहते हैं। 

ध्यान देने की बात है कि डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत को पहले सीमा शुल्क का बादशाह करार दिया था यकीन यह पहला अवसर है जब उसने भारत के खिलाफ  सीमा शुल्क के बारे में कोई प्रतिकूल कार्रवाई करने का संकेत दिया है।

डोनाल्ड ट्रम्प अमरीका के 47 वें राष्ट्रपति चुने गए हैं और 20 जनवरी 2025 को कार्यभार संभालने वाले हैं। उससे पूर्व ही उन्होंने ब्रिक्स देशों को सचेत कर दिया है। चीन, रूस एवं ईरान के प्रति अमरीका की दुश्मनी तो जगजाहिर है मगर भारत, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील और यूएई से उसके दोस्ताना सम्बन्ध हैं। 

समझा जाता है कि डॉलर का वर्चस्व नए उभरते बाजार की अर्थ व्यवस्था के रास्ते में बाधक बना हुआ है क्योंकि वे वैश्विक व्यापार में अपनी भागीदारी बढ़ाना चाहते है और वस्तुओं तथा सेवाओं में कारोबार करके बेहतर आर्थिक लाभ कमाने के इच्छुक हैं। वे पूंजी का सतत प्रवाह भी चाहते हैं। 

पिछले सप्ताह भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने भारत के लिए ट्रम्प की संरक्षणवादी नीतियों के प्रतिकूल प्रभाव के बारे में आशंका को खारिज किया।

उनका कहना था कि दोनों देशों के बीच काफी मजबूत एवं गतिशील करार है और व्यापारिक रिश्ते मधुर बने हुए हैं। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ट्रम्प ने ब्रिक्स संगठन के बारे में कोई प्रतिकूल निर्णय लिया तो भारत पर भी उसका स्वाभाविक रूप से असर पड़ सकता है।