एमएसपी पर दलहन-तिलहन की 100 प्रतिशत खरीद का सुझाव

31-Mar-2026 07:23 PM

नई दिल्ली। कृषि क्षेत्र के लिए गठित एक अस्थायी संसदीय समिति ने कहा है कि सरकार को किसानों से न्यूतनम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर दलहन-तिलहन के 100 प्रतिशत विपणन योग्य स्टॉक की खरीद करनी चाहिए जबकि वर्तमान समय में केवल 25 प्रतिशत की खरीद हो रही है।

बेहतर सरकारी खरीद से  किसानों को लाभप्रद मूल्य प्राप्त होगा, दलहन-तिलहन फसलों की खेती के प्रति उसका उत्साह एवं आकर्षण बढ़ेगा और विदेशों से आयात घटाने में सहायता मिलेगी। दलहनों तथा खाद्य तेलों के आयात पर अत्यन्त विशाल धनराशि खर्च होती है जिसे घटाना बेहद आवश्यक है। 

संसदीय पैनल ने अपनी रिपोर्ट में कुछ अन्य सुझाव भी दिए हैं। उसका कहना है कि आयात शुल्क का मैकेनिज्म डायनामिक होना चाहिए और जब पाम तेल का वैश्विक बाजार मूल्य घटकर 800 डॉलर प्रति टन से नीचे आ जाए तब उस पर 20 प्रतिशत की सेफ गार्ड ड्यूटी लगानी चाहिए

ताकि स्वदेशी तिलहन उत्पादकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ-साथ दलहन-तिलहन फसलों की ऐसी नई किस्मों का विकास करने पर भी जोर दिया गया है जो जलवायु रोधी हो, कीड़ों-रोगों के प्रकोप से अपना बचाव करने में सक्षम हो और जिसकी उपज दर ऊंची हो।