सरसों की बिजाई एवं उपज दर में वृद्धि

31-Mar-2026 07:15 PM

जयपुर। स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं बाजार क्षेत्र के एक अग्रणी संगठन- सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) के अनुसार 2024-25 की तुलना में 2025-26 के रबी सीजन में राष्ट्रीय स्तर पर सरसों का बिजाई क्षेत्र 92.15 लाख हेक्टेयर से 1.76 लाख हेक्टेयर बढ़कर 93.91 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।

इसी तरह सरसों की औसत उपज दर भी इस अवधि में 1250 किलो प्रति हेक्टेयर से सुधरकर 1271 किलो प्रति हेक्टेयर पर पहुंचने की संभावना है।

इसके आधार पर एसोसिएशन ने सरसों का कुल उत्पादन पिछले सीजन के 115.20 लाख टन से 4.20 लाख टन उछलकर इस वर्ष 119.40 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है।

एसोसिएशन के अनुसार 2024-25 के मुकाबले 2025-26 के रबी सीजन में सरसों का बिजाई क्षेत्र राजस्थान में 34.74 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 35.78 लाख हेक्टेयर, उत्तर प्रदेश में 14.23 लाख हेक्टेयर से उछलकर 15.41 लाख हेक्टेयर, हरियाणा में 7.14 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 7.50 लाख हेक्टेयर,

पश्चिम बंगाल में 6.83 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 7.38 लाख हेक्टेयर, गुजरात में 2.02 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2.89 लाख हेक्टेयर तथा आसाम में 3.15 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 3.20 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा।

बिहार में क्षेत्रफल 86 हजार हेक्टेयर पर स्थिर रहा जबकि मध्य प्रदेश में यह 14.86 लाख हेक्टेयर से घटकर 14.04 लाख हेक्टेयर तथा देश के अन्य राज्यों में 7.72 लाख हेक्टेयर से गिरकर 7.09 लाख हेक्टेयर रह गया।