फेंगल तूफान से तमिलनाडु में 6 लाख हेक्टेयर में फसलें क्षतिग्रस्त
17-Dec-2024 08:38 PM
चेन्नई । तमिलनाडु के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने खुलासा किया है कि फेंगल नामक समुद्री चक्रवाती तूफान और उसके बाद उत्तर-पूर्व मानसून की नियमित मूसलाधार बारिश के प्रकोप से राज्य में कुल 6,30,621 हेक्टेयर क्षेत्र में मुख्य कृषि फसलों के साथ-साथ बागवानी फसलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
फेंगल तूफान दिसम्बर के प्रथम सप्ताह के दौरान तमिलनाडु तट से टकराया था और उसके प्रकोप से 2.86 लाख हेक्टेयर में मुख्य कृषि फसलों तथा 73,263 हेक्टेयर में बागवानी फसलों को भारी नुकसान हुआ था।
इसके बाद उत्तर-पूर्व मानसून की सक्रियता से हुई जोरदार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया और फसलें जलमग्न हो गईं। कई क्षेत्रों में बाढ़ भी आ गई।
इस प्राकृतिक आपदा से 2,25,655 हेक्टेयर में मुख्य कृषि फसलें तथा 45,634 हेक्टेयर में बागवानी फसलें क्षति हो गईं। कृषि मंत्री के अनुसार फसलों को हुए इस नुकसान के साथ-साथ विल्लूपुरम जिले के विक्राबंदी तथा अरागंदनअल्लूर में स्थित रेग्युलेटेड मंडियों में रखा 2906 टन कृषि उत्पाद भी नष्ट हो गया।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को 17 दिसम्बर तक प्रभावित इलाकों में क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वेक्षण- आंकलन पूरा करने का निर्देश दिया था और राज्य आपदा राहत कोष के तहत तत्काल किसानों को सहायता देने का प्रस्ताव भेजा गया है।
