गेहूं का भाव इंदौर में नरम- मक्का का दाम तेज होने की उम्मीद
04-Jun-2026 07:49 PM
नई दिल्ली। अच्छी आवक होने तथा मांग कमजोर रहने से गेहूं का भाव इंदौर में कुछ नरम पड़ गया जबकि राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख मंडियों में इसके दाम में मिश्रित रुख देखा गया। दूसरी ओर मक्का की कीमतों में काफी हद तक स्थिरता देखी गई।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार आगामी समय में मक्का में औद्योगिक मांग मजबूत रहने की उम्मीद है और खासकर एथनॉल, स्टार्च एवं पॉल्ट्री फीड निर्माता इसकी खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखा सकते हैं जिससे मक्का की कीमतों में कुछ तेजी आ सकती है। सोया मील का भाव काफी ऊंचा होने से पशु आहर एवं पॉल्ट्री फीड के लिए मक्का की मांग बढ़ने के आसार हैं।
इंदौर में आज गेहूं का भाव 100 रुपए गिरकर 2580 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। किसान अपने स्टॉक की बिक्री करने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं ताकि खरीफ फसलों की खेती के लिए आवश्यक इनपुट की खरीद हेतु धन की व्यवस्था हो सके।
निकट भविष्य में वहां अच्छी आवक जारी रहने की संभावना है जिससे कीमतों पर दबाव कायम रह सकता है। राजस्थान के कोटा में गेहूं का दाम 2375-2400 रुपए प्रति क्विंटल के बीच स्थिर रहा।
