गेहूं की सरकारी खरीद चार वर्षों के शीर्ष स्तर पहुंची
15-May-2026 11:43 AM
नई दिल्ली। वर्तमान रबी मार्केटिंग सीजन में 13 मई 2026 तक केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की कुल खरीद बढ़कर 306.12 लाख टन पर पहुंच गई जो न केवल पिछले सीजन की समान अवधि की खरीद 292.60 लाख टन से काफी अधिक है बल्कि पिछले चार वर्षों का सबसे ऊंचा स्तर भी है। सरकार ने इस बार 345 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है जिसका 89 प्रतिशत भाग अब तक हासिल हो चुका है। खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में मौजूद रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान गेहूं की सरकारी खरीद पंजाब में 118.17 लाख टन से बढ़कर 121.62 लाख टन, हरियाणा में 70.69 लाख टन से उछलकर 80.93 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 9.85 लाख टन से बढ़कर 12.08 लाख टन तथा राजस्थान में 15.83 लाख टन से सुधरकर 16.64 लाख टन पर पहुंच गई।
हालांकि मध्य प्रदेश में गेहूं की खरीद गत वर्ष के 77.74 लाख टन से घटकर 73.99 लाख टन रह गई मगर हाल के सप्ताहों में गिरावट के अंतर में भारी कमी आ गई है। बिहार में भी गेहूं की खरीद 17 हजार टन से बढ़कर 30 हजार टन पर पहुंची है।
हरियाणा में गेहूं की खरीद 72 लाख टन के नियत लक्ष्य से 12 प्रतिशत अधिक हुई है जबकि पंजाब में भी लक्ष्य लगभग हासिल हो चुका है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में 74 प्रतिशत, राजस्थान में 71 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 48 प्रतिशत एवं बिहार में 17 प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति हुई है।
पिछले साल कुल मिलाकर रबी मार्केटिंग सीजन में 301 लाख टन से कुछ अधिक गेहूं खरीदा गया था जबकि 2024 में 262 लाख टन, 2023 में 260 लाख टन एवं 2022 में 188 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी। कुछ राज्यों में गेहूं की खरीद अगले महीने तक जारी रहेगी।
