पहली छमाही में ऑस्ट्रेलिया से करीब 10.85 लाख टन मसूर का निर्यात

15-May-2026 01:53 PM

मेलबोर्न। ऑस्ट्रेलिया से मसूर का निर्यात अब तेजी से घटने लगा है। फरवरी की तुलना में मार्च का शिपमेंट काफी कमजोर रहा। भारत तथा संयुक्त अरब अमीरात में इसका निर्यात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से ऑस्ट्रेलियाई निर्यातकों की कठिनाई काफी बढ़ गई है। 

ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) की रिपोर्ट के अनुसार वर्तमान मार्केटिंग सीजन की पहली छमाही में यानी अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के दौरान ऑस्ट्रेलिया से कुल मिलाकर करीब 10.85 लाख टन मसूर का निर्यात हुआ जिसमें अक्टूबर-दिसम्बर 2025 की तिमाही में 5.45 लाख टन, जनवरी 2026 में 2.81 लाख टन, फरवरी में 1.74 लाख टन तथा मार्च 2026 में 85 हजार टन का शिपमेंट शामिल था। 

इस 10.85 लाख टन के कुल निर्यात में से 4,82,654 टन मसूर का शिपमेंट अकेले भारत को किया गया। भारत में ऑस्ट्रेलिया से अक्टूबर-दिसम्बर की तिमाही में 2,38,675 टन, जनवरी में 1,59,008 टन तथा फरवरी में 78,971 टन मसूर का आयात हुआ था जो मार्च 2026 में लुढ़ककर मात्र 6000 टन रह गया। 

समीक्षाधीन छमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से भारत के अलावा बांग्ला देश को 3,22,284 टन, मिस्र को 61,943 टन, नेपाल को 35484 टन, पाकिस्तान को 33,901 टन, श्रीलंका को 85,895 टन तथा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 56,894 टन मसूर का निर्यात हुआ जबकि शेष दलहन अन्य देशों को भेजा गया। ऑस्ट्रेलिया में अभी मसूर का अच्छा खासा निर्यात योग्य स्टॉक मौजूद है।