मार्च तक भारत में ऑस्ट्रेलिया से 9.45 लाख टन चना का आयात
15-May-2026 12:24 PM
ब्रिसबेन। पिछले मार्केटिंग सीजन की भांति 2025-26 के मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में भी भारत ऑस्ट्रेलिया चना का सबसे बड़ा खरीदार बना हुआ है। सरकारी संस्था- ऑस्ट्रेलियाई संख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) के आंकड़ों से पता चलता है कि चालू मार्केटिंग सीजन की पहली छमाही में यानी अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के दौरान ऑस्ट्रेलिया से कुल मिलाकर 14,59,514 टन चना का निर्यात हुआ जिसमें से अकेले भारत को 9,45,421 टन का शिपमेंट किया गया।
भारत में ऑस्ट्रेलिया से अक्टूबर-दिसम्बर 2025 की तिमाही में 6,40,180 टन, देसी चना का आयात हुआ था जबकि जनवरी 2026 में 70,638 टन, फरवरी में 2,27,624 टन तथा मार्च 2026 में 6979 टन चना मंगाया गया।
दरअसल भारत की मांग एवं खरीद की बदौलत ही ऑस्ट्रलिया से चना का शानदार निर्यात हो रहा है। लेकिन अब वहां उत्पादकों ने चना के अपने बचे हुए स्टॉक को रोकना शुरू कर दिया है। ज्ञात हो की ऑस्ट्रलिया दुनिया में चना का सबसे प्रमुख निर्यातक देश बना हुआ है।
अक्टूबर 2025- मार्च 2026 की छमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से बांग्ला देश को 2,15,368 टन, पाकिस्तान को 2,02,151 टन तथा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 55,324 टन चना का शिपमेंट हुआ जबकि थोड़ी-बहुत मात्रा में इसका निर्यात कई अन्य देशों को किया गया।
भारत में नई फसल की जोरदार आवक शुरू होने तथा कीमतों में नरमी के साथ स्थिरता आने के कारण मार्च में चना का आयात घटकर 7 हजार टन पर सिमट गया। ऑस्ट्रेलिया में आगामी फसल के लिए चना की बिजाई आरंभ हो चुकी है जबकि भारत में नए माल की अच्छी आवक हो रही है।
