गुजरात में अजवायन उत्पादन कम : नए मालों की आवक शुरू

10-Dec-2025 07:10 PM

नई दिल्ली। अजवायन के प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात में शरद कालीन अजवायन की पैदावार कम होने के समाचार मिल रहे हैं क्योंकि इस वर्ष बिजाई क्षेत्रफल 35/40 प्रतिशत कम रहा था। उल्लेखनीय है कि गुजरात अकेला ऐसा राज्य है जहां पर अजवायन की फसल वर्ष में दो बार आती है। शरद कालीन एवं ग्रीष्म कालीन। जबकि अन्य उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र में वर्ष में एक बार फसल आती है आंध्र प्रदेश में नए मालों की आवक जनवरी माह  में शुरू होती है जबकि मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र के नंदूरबार लाइन पर आवक मार्च-अप्रैल माह में शुरू होती है। 

उत्पादन 

जानकारों का कहना है कि गुजरात में शरद कालीन अजवायन की पैदावार 50/55 हजार बोरी (प्रत्येक बोरी 50 किलो) होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं जबकि कुछ व्यापारी 40/45 हजार बोरी की मान रहे हैं जबकि गत वर्ष पैदावार लगभग 1 लाख बोरी के आसपास रही थी। 

बिजाई 

वर्तमान में प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात में ग्रीष्कालीन अजवायन की बिजाई जोरों पर चल रही है और चालू माह के अंत तक बिजाई पूर्ण हो जाएगी। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार ग्रीष्मकालीन अजवायन की बिजाई भी गत वर्ष की तुलना में 10/20 प्रतिशत कम रहने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश में भी बिजाई गत वर्ष की तुलना में कम रहने के समाचार है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष गुजरात में ग्रीष्मकालीन अजवायन का उत्पादन लगभग 4 लाख बोरी का रहा था जबकि मध्य प्रदेश में उत्पादन 75/80 हजार बोरी का माना गया था। 

आंध्र प्रदेश 

जानकारों का कहना है कि जनवरी में शुरू होने वाली आंध्र प्रदेश की फसल भी इस वर्ष गत वर्ष की तुलना में कम रहेगी। क्योंकि बिजाई घटने के पश्चात मौसम भी प्रतिकूल रहा। जिस कारण से उत्पादन एवं क्वालिटी दोनों प्रभावित होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। गत वर्ष आंध्र प्रदेश में अजवायन का उत्पादन 1.40/1.50 लाख बोरी के आसपास माना गया था। 

आवक 

गत दिनों आई तेजी में अधिकांश स्टॉक का माल निकल जाने के कारण वर्तमान में आवक काफी कम रह गई है। गुजरात की ऊंझा मंडी में आवक 700/800 बोरी, जामनगर 300/400 बोरी के अलावा मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में 700/800 बोरी की आवक हो रही है। स्टॉक समाप्त हो जाने के कारण आंध्र प्रदेश की करनूल मंडी में आवक नहीं हो रही है।

मन्दा-तेजी 

वर्तमान में अजवायन में व्यापार सीमित हो रहा है। क्योंकि पुराने मालों की क्वालिटी हल्की आ रही है साथ ही नए मालों की अभी छिटपुट आवक शुरू हुई है। गुजरात की जामनगर मंडी में नए मालों की आवक 50/100 बोरी की हो रही है और क्वालिटीनुसार भाव 2400/3400 रुपए प्रति 20 किलो बोला जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि उत्पादन कम होने के कारण कीमतों में अधिक मंदा नहीं है लेकिन आवक का दबाव बनने पर भाव घटकर 2200/3200 रुपए आ सकते हैं। जोकि संभवतः जनवरी माह में बन सकते है क्योंकि जनवरी माह में आंध्र प्रदेश में भी नए अजवायन की आवक शुरू हो जाएगी।