गुजरात में रबी फसलों का रकबा बढ़कर 30.6 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा
09-Dec-2025 09:44 AM
अहमदाबाद। देश के पश्चिमी भाग में अवस्थित एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक प्रान्त - गुजरात में रबी फसलों की खेती के प्रति किसानों में बेहतर उत्साह देखा जा रहा है और इसके फलस्वरूप वहां गेहूं, मोटे अनाज, दलहन तथा तिलहन फसलों की बिजाई गत वर्ष से काफी आगे चल रही है। गुजरात कृषि विभाग की नवीनतम साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार राज्य में रबी फसलों का उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 30.6 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है जो पिछले साल की समानअवधि के बिजाई क्षेत्र 25.38 लाख हेक्टेयर से 5.22 लाख हेक्टेयर ज्यादा तथा गत तीन वर्षों के सामान्य औसत क्षेत्रफल 46.07 लाख हेक्टेयर का 66.4 प्रतिशत है।
पिछले साल की तुलना में मौजूदा रबी सीजन के दौरान गुजरात में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 6.09 लाख हेक्टेयर से उछलकर 8.59 लाख हेक्टेयर, चना का बिजाई क्षेत्र 4.36 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 5.90 लाख हेक्टेयर तथा सरसों का क्षेत्रफल 1.90 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 2.31 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। मोटे अनाजों में मक्का का रकबा 94 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 1.00 लाख हेकेयर हो गया। समग्र रूप से गुजरात में गत वर्ष के मुकाबले इस बार रबी सीजन में 8.59 लाख हेक्टेयर में गेहूं, 9.79 लाख हेक्टेयर में कुल अनाजी फसलों (गेहूं एवं मोटे अनाज), 6.31 लाख हेक्टेयर में दलहन एवं 2.32 लाख हेक्टेयर में तिलहन फसलों की बिजाई पूरी हो चुकी है। दूसरी ओर गन्ना का रकबा 1.17 लाख हेक्टेयर से गिरकर 98 हजार हेक्टेयर पर अटक गया।
जहां तक मसाला फसलों का सवाल है तो इसमें मिश्रित रुख देखा जा रहा है। जीरा का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 2,62,115 हेक्टेयर से फिसलकर इस बार 2,60,925 हेक्टेयर तथा सावा का रकबा 8662 हेक्टेयर से गिरकर 5122 हेक्टयर रह गया जबकि दूसरी ओर धनिया का उत्पादन क्षेत्र 62,376 हेक्टेयर से उछलकर 75,361 हेक्टेयर, सौंफ का बिजाई क्षेत्र 25,263 हेक्टेयर से सुधरकर 25,892 हेक्टेयर, इसबगोल का बिजाई क्षेत्र 5670 हेक्टेयर से सुधरकर 6613 हेक्टेयर और लहसुन का रकबा 6126 हेक्टेयर से बढ़कर 9218 हेक्टेयर पर पहुंच गया। तमाम फसलों की बिजाई अभी जारी है।
