हल्दी के बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद

28-May-2025 04:22 PM

निजामाबाद। हालांकि पिछले कुछ महीनों से हल्दी का घरेलू बाजार भाव निचले स्तर पर स्थिर बना हुआ है लेकिन फिर भी इसके बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है। आंध्र प्रदेश की दुग्गीराला थोक मंडी में 50-55 प्रतिशत हल्दी की फसल का कारोबार हो चुका है।

इस क्षेत्र में फसल की कटाई-तैयारी अब भी जारी है जिससे जून माह के दौरान इसकी आपूर्ति का सिलसिला बरकरार रहने की उम्मीद है। इसके फलस्वरूप वहां मंडी में व्यापारिक गतिविधियां अगले कुछ सप्ताहों तक बेहतर रह सकती है। वैसे अब मार्केटिंग सीजन अंतिम चरण में है। 

भारत पाकिस्तान विवाद के बाद हल्दी की निर्यात मांग कमजोर पड़ गई। बांग्ला देश के साथ सड़क सम्पर्क समाप्त होने के कारण वहां समुद्री मार्ग से हल्दी भेजी जा रही है जिससे खरीदारों के लिए खर्च बढ़ गया है।

वैसे पिछले वर्ष के दौरान भारतीय हल्दी का निर्यात प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। मसाला बोर्ड के आंकड़ों से पता चलता है कि वित्त वर्ष 2023-24 की समान अवधि के मुकाबले 2024-25 के आरंभिक 11 महीनों में यानी अप्रैल- 2024 से फरवरी 2025 के दौरान भारत से हल्दी का निर्यात 12 प्रतिशत बढ़कर 1.61 लाख टन पर पहुंचा जबकि इससे हासिल होने वाली आमदनी 60 प्रतिशत उछलकर 31.158 करोड़ डॉलर पर पहुंच गई। 

पिछले दो वर्षों से उत्पादकों की बेहतर आमदनी प्राप्त होने से हल्दी की खेती के प्रति उसका उत्साह एवं आकर्षण इस वर्ष भी बरकरार रहेगा जिससे इस महत्वपूर्ण मसाला फसल की बिजाई में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं।

देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों में इस बार मानसून पूर्व की अच्छी बारिश हुई और अब दक्षिण-पश्चिम मानसून की वर्षा हो रही है। इससे किसानों को अपने खेतों को तैयार करने तथा उसमें हल्दी की बिजाई जल्दी शुरू करने में सहायता मिलेगी।

एक विश्लेषक के अनुसार निजामाबाद संभाग में इस वर्ष अप्रैल में ही हल्दी की बिजाई आरंभ हो गई थी और जून के अंत तक क्षेत्रफल का आंकड़ा सामने आ सकता है।

राष्ट्रीय स्तर पर हल्दी के उत्पादन क्षेत्र में 20-25 प्रतिशत का इजाफा होने का अनुमान लगाया जा रहा है जबकि कुछ उत्साही समीक्षक इसमें 30-35 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी की संभावना व्यक्त कर रहे हैं। सितम्बर में बिजाई क्षेत्र की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी जबकि दिसम्बर में नया माल आना आरंभ हो जाएगा। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के अनुसार हल्दी का घरेलू उत्पादन 2023-24 सीजन के 10.63 लाख टन से बढ़कर 2024-25 के सीजन में 11.16 लाख टन पर पहुंच गया।