Home News
28-Sep-2026 05:13 PM
चंडीगढ़। हरियाणा में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीफ सीजन की दलहन-तिलहन फसलों की खरीद के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इन फसलों की सरकारी खरीद विभिन्न तिथियों में शुरू की जाएगी।
सबसे पहले मूंग की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होगी, जो 15 नवंबर तक जारी रहेगी। सरकार द्वारा राज्य की 38 मंडियों में 8,780 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी पर मूंग की खरीद की जाएगी।
इसी तरह सोयाबीन की सरकारी खरीद 15 अक्टूबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगी। इस बार राज्य की 7 मंडियों में 5,708 रुपये प्रति क्विंटल के एमएसपी पर सोयाबीन खरीदने का निर्णय लिया गया है। हरियाणा में सोयाबीन की खेती सीमित क्षेत्रफल में होती है।
जहां तक मूंगफली की बात है, इसका एमएसपी 7,517 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है और हरियाणा की 17 मंडियों में 1 नवंबर से 31 दिसंबर तक इसकी खरीद की जाएगी।
इसी तरह तिल की खरीद 1 दिसंबर से शुरू होगी। उसी दिन से अरहर (तुअर) और उड़द की सरकारी खरीद भी आरंभ होगी। तिल की खरीद के लिए 27 मंडियां, अरहर के लिए 22 मंडियां तथा उड़द के लिए 10 मंडियां चिन्हित की गई हैं।
2026-27 सीजन के लिए तिल का न्यूनतम समर्थन मूल्य 10,346 रुपये प्रति क्विंटल, अरहर का 8,450 रुपये प्रति क्विंटल तथा उड़द का 8,200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
हालांकि हरियाणा खरीफ सीजन की दलहन-तिलहन फसलों के शीर्ष उत्पादक राज्यों में शामिल नहीं है, लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद शुरू होने से किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त होगा। इससे इन फसलों के उत्पादन के प्रति किसानों का उत्साह और आकर्षण बढ़ने की संभावना है।