Home News

दक्षिणी राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की सम्भावना

28-Sep-2026 04:08 PM

दक्षिणी राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की सम्भावना

तिरुअनंतपुरम। मानसूनी वर्षा की भारी कमी से जूझ रहे दक्षिण भारत के प्रमुख कृषि उत्पादक राज्यों - तमिलनाडु, कर्नाटक एवं केरल में अगले दो-तीन दिनों के दौरान मूसलाधार बारिश होने की सम्भावना व्यक्त की गयी है। बिहार, बंगाल, उड़ीसा, झारखण्ड, छत्तीसगढ़ एवं उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में अत्यंत जोरदार वर्षा होने के बाद अब मानसून की दिशा बदल कर अन्य क्षेत्रों की ओर हो गयी है। इसमें एक तरफ पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश जैसे पश्चिमोत्तर राज्य शामिल हैं तो दूसरी ओर दक्षिण भारत के प्रान्त सम्मिलित हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 30 सितम्बर से तमिलनाडु, पांडिचेरी, कराईकाल, पश्चिमी आंतरिक कर्नाटक, केरल एवं माही में बारिश का दौर शुरू हो सकता है जो अगले तीन-चार दिनों तक बरकरार रह सकता है। ध्यान देने की बात है की औपचारिक तौर पर 1 अक्टूबर से उत्तर-पूर्व मानसून का समय शुरू हो जाता है जिसमें अब दो-तीन दिन ही बचे हैं। इस बीच बंगाल की खाड़ी में नई गतिविधयां आरम्भ हो गयी हैं। मौसम विभाग का कहना है की दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 अक्टूबर तक देश से प्रस्तान कर सकता है लेकिन बीच की अवधि के दौरान विभिन्न राज्यों में जोरदार बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में होने वाली आगामी बारिश से प्रमुख खरीफ फसलों के साथ-साथ मसाला फसलों को भी फायदा होने की उम्मीद है जिसमें कालीमिर्च, छोटी इलायची, हल्दी एवं लालमिर्च आदी शामिल हैं। खरीफ फसलों में धान, उड़द एवं कपास की फसल की राहत मिलने की उम्मीद है।