हरियाणा में मूंगफली एवं बाजरा की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू करने की घोषणा
15-Sep-2025 04:11 PM
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने वर्तमान खरीफ सीजन के दौरान उत्पादित मूंगफली तथा बाजरा की खरीद किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 1 अक्टूबर से आरंभ करने का निर्णय लेते हुए इसके लिए आवश्यक तैयारियां आरंभ कर दी हैं।
ज्ञात हो कि केन्द्र सरकार ने इस बार बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य गत वर्ष से 150 रुपए बढ़ाकर 2775 रुपए प्रति क्विंटल तथा मूंगफली का समर्थन मूल्य 480 रुपए बढ़ाकर 7263 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
राज्य के फतेहाबाद जिले में 1 अक्टूबर 2025 से मूंगफली और बाजरा की सरकारी खरीद आरंभ करने का स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए उपायुक्त ने एडीसी को सम्पूर्ण गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कहा है
जबकि सम्बन्धित एसडीएम को अपने क्षेत्र में नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फतेहाबाद जिले में बाजरा की खरीद के लिए तीन क्रय केन्द्र फतेहाबाद, पीली मंदोरी और भट्टू में स्थापित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा नारनौल, नांगल चौधरी, अटेली, महेंद्र गढ़, सतनाली तथा कनीना में भी किसानों को अपना उत्पाद बेचने का अवसर मिलेगा। लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर अपना उत्पाद बेचने के लिए किसानों को 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करवाना आवश्यक होगा। केवल पंजीकृत, किसानों से ही उत्पाद खरीदें जाएंगे।
सरकारी क्रय केन्द्रों पर किसानों को सभी बुनियादी सुविधा उपलब्ध करवाने का पक्का प्रबंध किया जा रहा है जिसमें बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था,
नमी मापक मशीन, सुरक्षा व्यवस्था एवं खरीद मानदंड के विवरण से युक्त होर्डिंग आदि शामिल है। फतेहाबाद एवं उसके आसपास के जिलों में बाजरे की खेती बड़े पैमाने पर होती है।
